उत्तराखंडटिहरी गढ़वाल

डोबरा-चाटी झील में तूफान का कहर, SDRF ने 30 लोगों की बचाई जान

तेज आंधी-तूफान से फ्लोटिंग हटमेंट बहने के बाद चला रेस्क्यू अभियान, समय रहते पहुंची टीम ने किया सराहनीय कार्य

 

डोबरा चाटी/टिहरी,2 मई(दिलीप शर्मा): जनपद टिहरी गढ़वाल के डोबरा-चाटी क्षेत्र में शनिवार शाम अचानक आए तेज आंधी-तूफान ने झील में बने फ्लोटिंग हटमेंट को भारी नुकसान पहुंचाया, जिससे वहां मौजूद कई पर्यटक व अन्य लोग बीच झील में फंस गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आपदा कंट्रोल रूम द्वारा तत्काल राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) को सूचित किया गया।

 

सूचना मिलते ही SDRF पोस्ट कोटी कॉलोनी से उप निरीक्षक नरेंद्र राणा के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम आवश्यक उपकरणों के साथ बिना देर किए घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने पर टीम ने पाया कि तेज तूफान के चलते फ्लोटिंग हटमेंट क्षतिग्रस्त होकर बह चुके थे और कई लोग असहाय स्थिति में फंसे हुए थे।

 

SDRF टीम ने त्वरित और कुशल रणनीति के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। विषम परिस्थितियों और खराब मौसम के बावजूद टीम ने अदम्य साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए करीब 25 से 30 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। सभी को पर्यटन विभाग की बोट के माध्यम से सुरक्षित कोटी कॉलोनी पहुंचाया गया।

इस चुनौतीपूर्ण अभियान में SDRF के जवानों की तत्परता, पेशेवर दक्षता और मानवता के प्रति समर्पण स्पष्ट रूप से देखने को मिला। समय पर की गई इस कार्रवाई ने एक बड़े हादसे को टाल दिया।

स्थानीय लोगों एवं प्रशासन ने SDRF टीम के इस साहसिक और सराहनीय कार्य की भूरि-भूरि प्रशंसा की है। यह रेस्क्यू ऑपरेशन एक बार फिर साबित करता है कि आपदा की घड़ी में SDRF हर चुनौती का डटकर सामना करने के लिए सदैव तैयार रहती है।

Related Articles

Back to top button