
ऋषिकेश, 5 मई(दिलीप शर्मा): श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज, ऋषिकेश के लिए गर्व का क्षण है कि विद्यालय के एनसीसी कैडेट गणेश का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चयन हुआ है। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उन्हें ऑस्ट्रेलिया में आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिला है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य यमुना प्रसाद त्रिपाठी ने बताया कि हाल ही में कैडेट गणेश को राष्ट्रीय स्तर पर उनकी प्रतिभा के लिए सम्मानित किया गया था। अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चयनित होना न केवल विद्यालय बल्कि पूरे ऋषिकेश और उत्तराखंड के लिए गौरव की बात है।
सीनियर एनसीसी अधिकारी लखविंदर सिंह के नेतृत्व में यह उपलब्धि हासिल हुई है। उन्होंने कहा कि पहले राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचना ही बड़ी उपलब्धि मानी जा रही थी, लेकिन अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रतिनिधित्व करना संस्थान के लिए ऐतिहासिक क्षण है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि कैडेट गणेश ऑस्ट्रेलिया में भी विद्यालय का नाम रोशन करेंगे।
विद्यालय के योगाचार्य जगदंबा प्रसाद थपलियाल ने इस सफलता का श्रेय लखविंदर सिंह के कुशल नेतृत्व और अनुशासनात्मक प्रशिक्षण को दिया। उन्होंने बताया कि एनसीसी के माध्यम से विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगिताओं के लिए निरंतर तैयार किया जाता है, जिसका परिणाम आज सामने है।
उल्लेखनीय है कि अंतरराष्ट्रीय योगा चैंपियनशिप 16 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया में आयोजित होगी, जिसमें कैडेट गणेश भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इस अवसर पर विद्यालय के जूनियर विंग एनसीसी अधिकारी विकास नेगी, जयकृत सिंह रावत, डॉ. सुनील दत्त थपलियाल, रंजन अंथवाल, जितेंद्र बिष्ट, प्रवीण रावत सहित अन्य उपस्थित रहे।
31 UK बटालियन हरिद्वार के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल ललित पंवार ने श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज के सीनियर एनसीसी ऑफिसर लखविंदर सिंह और एनसीसी कैडेट गणेश को शुभकामनाएं प्रेषित की ओर इस पर हर्ष जताया,, और कहा कि इस तरह के कैडेट्स अन्य कैडेट्स के लिए भी प्रेरणादायक होते हैं, और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यह उपलब्धि वास्तव में एक बहुत बड़ी उपलब्धि है,,









