मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने विद्यालय, आंगनबाड़ी, पुस्तकालय और खेल सुविधाओं का किया निरीक्षण
पोषण, शिक्षा, पुस्तक संरक्षण और खेल अवसंरचना को लेकर अधिकारियों को दिए निर्देश

नई टिहरी, 05 जून(दिलीप शर्मा): उत्तराखण्ड के मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने शुक्रवार को टिहरी गढ़वाल के बौराड़ी क्षेत्र में स्थित राजकीय मॉडल प्राथमिक विद्यालय, आंगनबाड़ी केन्द्र ढुंगीधार, श्रीदेव सुमन पुस्तकालय तथा बौराड़ी स्टेडियम का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने शिक्षा, पोषण, स्वास्थ्य, पुस्तक संरक्षण एवं खेल सुविधाओं के विकास से जुड़े कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

आंगनबाड़ी केन्द्र में बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण पर जोर
निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने आंगनबाड़ी केन्द्र ढुंगीधार में बच्चों की संख्या, उपलब्ध खेल सामग्री तथा पोषण आहार की जानकारी ली। उन्होंने गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को पोषण किट वितरित की तथा बच्चों का वजन भी माप करवाया। उन्होंने एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण और टीकाकरण की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए तथा घर-घर पहुंचकर सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।

विद्यालय में शैक्षणिक व्यवस्थाओं का लिया जायजा
मुख्य सचिव ने राजकीय मॉडल प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण करते हुए मध्यान्ह भोजन योजना, विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध फर्नीचर, उपस्थिति पंजिका और अन्य शैक्षणिक व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। शिक्षकों द्वारा दी गई जानकारी पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के प्रयासों की सराहना की।
श्रीदेव सुमन पुस्तकालय में दुर्लभ पांडुलिपियों के संरक्षण पर बल
श्रीदेव सुमन पुस्तकालय के निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने पुस्तकों, अभिलेखों और पंजीकरण व्यवस्था का अवलोकन किया। उन्हें बताया गया कि पुस्तकालय को पुरानी टिहरी से विस्थापित कर वर्तमान स्थान पर स्थापित किया गया है। यहां राजशाही काल से लेकर आधुनिक विषयों तक की समृद्ध पुस्तकें उपलब्ध हैं। उन्होंने दुर्लभ एवं प्राचीन पांडुलिपियों के संरक्षण तथा शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों के लिए बेहतर अध्ययन सुविधाएं विकसित करने के निर्देश दिए।
बौराड़ी स्टेडियम और बैडमिंटन हॉल निर्माण कार्यों की समीक्षा
मुख्य सचिव ने बौराड़ी स्टेडियम का निरीक्षण करने के साथ ही प्रस्तावित बैडमिंटन हॉल के निर्माण स्थल का भी अवलोकन किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता बनाए रखते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
विश्व पर्यावरण दिवस पर किया पौधरोपण
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, स्थानीय विधायक किशोर उपाध्याय, नगर पालिका परिषद टिहरी के अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने डाइजर क्षेत्र में जैकरेण्डा (Jacaranda) के पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
अधिकारी रहे उपस्थित
निरीक्षण कार्यक्रम में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, जिला शिक्षा अधिकारी वी.पी. सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय गौरव, जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी पंकज तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।










