उत्तराखंडऋषिकेश

उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में महापौर व पार्षदों ने किया लाल पानी प्लांट का निरीक्षण

ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था का लिया जायजा, पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश

ऋषिकेश (दिलीप शर्मा): माननीय उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन तथा नगर निगम बोर्ड की पिछली बैठक में लिए गए निर्णय के क्रम में शनिवार को महापौर एवं नगर निगम के पार्षदों ने संयुक्त रूप से लाल पानी प्लांट का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जनप्रतिनिधियों ने प्लांट की कार्यप्रणाली, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था तथा वर्तमान संचालन की विस्तृत समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को उच्चतम न्यायालय द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी कार्यों को पारदर्शिता, गुणवत्ता और निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए। साथ ही पर्यावरणीय नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।

महापौर ने कहा कि लाल पानी प्लांट की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाना तथा स्वच्छ एवं पर्यावरण अनुकूल शहर के निर्माण की दिशा में प्रभावी कदम उठाना नगर निगम की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाएगा और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस अवसर पर पार्षदों ने भी प्लांट के सुचारू संचालन एवं सुधार से संबंधित अपने सुझाव साझा किए। महापौर ने नगर के विकास एवं जनहित के कार्यों में सभी जनप्रतिनिधियों के सकारात्मक सहयोग की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।

निरीक्षण के दौरान नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी, स्थानीय पार्षद एवं प्लांट के तकनीकी विशेषज्ञ भी उपस्थित रहे। नगर निगम के अनुसार यह संयुक्त निरीक्षण शहर में प्रभावी ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत करने और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।

Related Articles

Back to top button