
ऋषिकेश, 06 जून(दिलीप शर्मा): कौड़ियाला स्थित एक होटल के समीप गंगा नदी में स्नान के दौरान डूबे पर्यटक की तलाश में उत्तराखंड राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) ने शनिवार को देर शाम तक लगातार सघन सर्च अभियान चलाया। विषम परिस्थितियों और तेज बहाव के बावजूद टीम के समर्पण और त्वरित कार्रवाई की व्यापक सराहना हो रही है।
जानकारी के अनुसार, गाजियाबाद के इंदिरापुरम निवासी आशीष जैन (40 वर्ष) अपने परिवार के साथ पर्यटन के लिए कौड़ियाला आए थे। स्नान के दौरान संतुलन बिगड़ने से वह गंगा की तेज धारा में बह गए और कुछ दूरी तक दिखाई देने के बाद लापता हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही SDRF की ढालवाला टीम, जो पहले से देवप्रयाग क्षेत्र में चल रहे सर्च अभियान में जुटी हुई थी, तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचकर टीम ने परिजनों से जानकारी लेने के बाद बिना समय गंवाए राफ्ट एवं अन्य उपलब्ध संसाधनों की सहायता से व्यापक खोज अभियान शुरू किया।
तेज धारा और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच SDRF के जवानों ने देर शाम तक नदी के विस्तृत क्षेत्र में गहन तलाशी अभियान चलाया, लेकिन अंधेरा और दृश्यता कम होने के कारण अभियान को अस्थायी रूप से रोकना पड़ा। टीम रविवार प्रातः पुनः सघन सर्च ऑपरेशन शुरू करेगी।
SDRF की त्वरित प्रतिक्रिया, पेशेवर कार्यशैली और विषम परिस्थितियों में निरंतर राहत एवं बचाव कार्यों के प्रति समर्पण एक बार फिर उसकी दक्षता और मानव जीवन के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। प्रदेश में आपदा एवं दुर्घटना की हर चुनौतीपूर्ण स्थिति में SDRF की सक्रिय भूमिका आमजन के लिए भरोसे का प्रतीक बन चुकी है।
इस बीच SDRF ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अपील की है कि गंगा नदी एवं अन्य जलधाराओं में बिना स्थानीय जानकारी और सुरक्षा मानकों के स्नान करने का जोखिम न उठाएं। केवल चिन्हित एवं सुरक्षित घाटों पर ही स्नान करें तथा प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि इस प्रकार की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।










