उत्तराखंडटिहरी गढ़वाल

जून भर टिहरी की सभी नगर निकायों में लगेंगे लोक कल्याण मेले और स्वनिधि शिविर

पीएम स्वनिधि योजना के लाभार्थियों को मिलेगा योजनाओं का लाभ, डिजिटल सशक्तीकरण और ऋण सुविधाओं पर रहेगा फोकस

नई टिहरी, 6 जून(दिलीप शर्मा): आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार जनपद टिहरी गढ़वाल की सभी नगर निकायों में 1 जून से 30 जून 2026 तक लोक कल्याण मेला, स्वनिधि महोत्सव तथा सेंसस टाउन क्षेत्रों में स्वनिधि शिविर आयोजित किए जाएंगे। इस संबंध में नोडल अधिकारी एवं अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद नई टिहरी वासुदेव डंगवाल ने जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि इन आयोजनों का उद्देश्य प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के लाभार्थियों और उनके परिवारों की सफलता की कहानियों को साझा कर योजना के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना है। साथ ही फेरी एवं रेहड़ी व्यवसायियों को ऋण और क्रेडिट सुविधाओं से जोड़ना, डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देना तथा विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से उनका जुड़ाव सुनिश्चित करना भी प्रमुख लक्ष्य है।

कार्यक्रमों के दौरान बैंकों, भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई), संबंधित विभागों, डिजिटल भुगतान एग्रीगेटरों, टाउन वेंडिंग समितियों एवं अन्य हितधारकों के सहयोग से फेरी व्यवसायियों का सर्वेक्षण, पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण तथा उन्हें प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना का लाभ दिलाने की प्रक्रिया संचालित की जाएगी।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नगर पालिका परिषद चंबा में 9 जून, देवप्रयाग में 11 जून, गजा में 12 जून, तपोवन में 15 जून, कीर्तिनगर में 16 जून, नरेंद्रनगर में 17 जून, लंबगांव में 18 जून, नई टिहरी में 19 जून, घनसाली में 23 जून, चमियाला में 24 जून तथा मुनिकीरेती में 25 जून 2026 को स्वनिधि शिविर एवं लोक कल्याण मेले आयोजित किए जाएंगे।

नोडल अधिकारी ने बताया कि सभी नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों के सभागारों में कार्यक्रम आयोजित होंगे, जबकि नई टिहरी का आयोजन बौराड़ी स्थित ओपन मार्केट में किया जाएगा।

उन्होंने सभी नगर निकायों को निर्देशित किया है कि निदेशालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप स्वनिधि महोत्सव, लोक कल्याण मेला एवं स्वनिधि शिविरों का प्रभावी आयोजन सुनिश्चित करते हुए अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से लाभान्वित किया जाए।

Related Articles

Back to top button