उत्तराखंडटिहरी गढ़वालदुर्घटना

तोताघाटी के समीप चारधाम यात्रा बस पलटी, SDRF ने त्वरित रेस्क्यू कर सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाला

ब्रेक फेल होने की आशंका से हुआ हादसा, 39 यात्रियों में 3-4 घायल; घायलों को 108 एम्बुलेंस से अस्पताल भेजा गया

टिहरी गढ़वाल, 07 जून(दिलीप शर्मा): जनपद टिहरी गढ़वाल के तोताघाटी क्षेत्र में रविवार सुबह चारधाम यात्रा पर जा रही एक बस दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क पर पलट गई। हादसे की सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) की टीम ने मौके पर पहुंचकर तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाया और स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करते हुए राहत एवं बचाव कार्य संपन्न कराया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह लगभग 8:30 बजे डीसीआर टिहरी के माध्यम से सूचना मिली कि तोताघाटी के समीप एक यात्री बस सड़क पर पलट गई है। सूचना पर निरीक्षक कवीन्द्र सजवान के नेतृत्व में SDRF पोस्ट ढालवाला एवं ब्यासी की टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुईं।

मौके पर पहुंचने पर पता चला कि बद्रीनाथ से ऋषिकेश की ओर आ रही चारधाम यात्रा बस संख्या UK04 PA 0418 सड़क पर पलट गई थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस के ब्रेक फेल होने के कारण यह दुर्घटना हुई। बस में कुल 39 यात्री सवार थे।

हादसे में 3 से 4 यात्रियों को सामान्य चोटें आईं, जिन्हें 108 एम्बुलेंस सेवा के माध्यम से उपचार के लिए ऋषिकेश अस्पताल भेजा गया। राहत की बात यह रही कि बस में सवार अन्य सभी यात्री सुरक्षित हैं।

SDRF की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का आकलन किया और स्थानीय प्रशासन सहित अन्य आपातकालीन एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर आवश्यक सहायता प्रदान की। समय पर किए गए रेस्क्यू अभियान से बड़ी जनहानि टल गई।

Related Articles

Back to top button