उत्तराखंडऋषिकेश

भट्टोंवाला फायरिंग कांड के आरोपियों की तलाश तेज, जंगलों में चला कॉम्बिंग अभियान

एसएसपी ने फरार अभियुक्तों पर ₹15-15 हजार का इनाम किया घोषित, गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें सक्रिय

ऋषिकेश, 7 जून(दिलीप शर्मा): श्यामपुर कोतवाली क्षेत्र के भट्टोंवाला में 4 जून 2026 को हुई फायरिंग की घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। घटना के उपरांत स्थानीय स्तर पर ऋषिकेश-देहरादून मार्ग से सटे जंगल क्षेत्र में कुछ संदिग्ध व्यक्तियों के देखे जाने की सूचना मिलने पर पुलिस द्वारा व्यापक कॉम्बिंग अभियान चलाया गया।

पुलिस की विभिन्न टीमों ने जंगल क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाते हुए संभावित ठिकानों की जांच की। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए आसपास के क्षेत्रों में निगरानी भी बढ़ा दी गई है।

अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मामले में फरार अभियुक्तों पर ₹15,000-₹15,000 का नगद इनाम घोषित किया है। इनामी घोषणा के संबंध में सभी संबंधित पुलिस इकाइयों एवं विभागों को आवश्यक सूचना प्रेषित कर दी गई है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और तकनीकी साक्ष्यों के साथ-साथ मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया है। पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को आरोपियों के संबंध में कोई जानकारी प्राप्त होती है तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके।

पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों को न्याय के कठघरे तक पहुंचाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button