उत्तराखंडचार धाम यात्राटिहरी गढ़वालयातायात

भीषण गर्मी में सड़क पर उतरीं एसएसपी श्वेता चौबे, ड्यूटी पर तैनात जवानों का बढ़ाया हौसला

चारधाम यात्रा के यातायात दबाव के बीच हैट और रिफ्रेशमेंट वितरित कर स्वयं संभाली ट्रैफिक व्यवस्था की कमान

मुनिकीरेती/टिहरी, 7 जून(दिलीप शर्मा): चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन के चलते मुनि की रेती क्षेत्र में बढ़ते यातायात दबाव तथा भीषण गर्मी के बीच वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्रीमती श्वेता चौबे ने स्वयं सड़क पर उतरकर यातायात व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न यातायात प्वाइंटों का दौरा कर ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से मुलाकात की और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

तेज धूप और अत्यधिक तापमान में लगातार ड्यूटी निभा रहे पुलिस कर्मियों के समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए एसएसपी ने उन्हें धूप से बचाव के लिए हैट (टोपी) और रिफ्रेशमेंट सामग्री वितरित की। उन्होंने कहा कि विषम परिस्थितियों में जनसेवा में जुटे पुलिस कर्मियों के स्वास्थ्य, सुविधा और मनोबल का ध्यान रखना विभाग की प्राथमिकता है।

निरीक्षण के दौरान एसएसपी श्वेता चौबे ने अपर पुलिस अधीक्षक दीपक सिंह एवं क्षेत्राधिकारी मुनि की रेती के साथ स्वयं यातायात संचालन की कमान संभाली। उन्होंने प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण करते हुए अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देश दिए कि चारधाम यात्रियों, पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों को निर्बाध, सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए तथा सभी के साथ सहयोगात्मक और सौहार्दपूर्ण व्यवहार सुनिश्चित किया जाए।

एसएसपी ने कहा कि चारधाम यात्रा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि उत्तराखंड की संस्कृति और ‘अतिथि देवो भवः’ की परंपरा का प्रतीक है। ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि टिहरी पुलिस इसी भावना के साथ दिन-रात यात्रियों की सेवा और सुरक्षा में समर्पित होकर कार्य कर रही है।

भीषण गर्मी और भारी यातायात दबाव के बीच वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक का स्वयं मैदान में उतरकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करना तथा ड्यूटी पर तैनात जवानों के बीच पहुंचकर उनका उत्साहवर्धन करना संवेदनशील और प्रेरणादायी नेतृत्व का उदाहरण बना। इस पहल से पुलिस कर्मियों में नई ऊर्जा, उत्साह और अपने कर्तव्यों के प्रति और अधिक समर्पण का भाव देखने को मिला।

Related Articles

Back to top button