9 जून को होगा नरेंद्र नगर नगर पालिका परिषद का मतदान, प्रशासन ने पूरी की तैयारियां
8 जून को मतदान कार्मिकों का अंतिम प्रशिक्षण, शाम 5 बजे के बाद प्रचार-प्रसार पर पूर्ण रोक

नरेंद्र नगर/टिहरी,7 जून(दिलीप शर्मा): नगर पालिका परिषद नरेंद्र नगर के निर्वाचन को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला निर्वाचन प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार 9 जून 2026 को मतदान सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित मतदेय स्थलों पर कराया जाएगा।
निर्वाचन प्रक्रिया के तहत 8 जून को मतदान कार्मिकों का अंतिम चरण का प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण के उपरांत मतदान दलों को निर्वाचन सामग्री वितरित कर संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी रिटर्निंग अधिकारियों एवं संबंधित नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ करें, जिससे निर्वाचन प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
आदर्श आचार संहिता के प्रभावी पालन को सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 7 जून को शाम 5 बजे के बाद सभी प्रकार के चुनाव प्रचार-प्रसार पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इसके बाद किसी भी प्रकार की प्रचार सामग्री का प्रदर्शन या प्रचार गतिविधि की अनुमति नहीं होगी।
प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के लिए निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।










