उत्तराखंडऋषिकेश

मोदी के सबसे लंबे कार्यकाल पर त्रिवेणी घाट में भव्य गंगा आरती, मिष्ठान वितरण कर मनाया जश्न

ऋषिकेश विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल बोले— प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास और सुशासन के नए आयाम स्थापित किए

ऋषिकेश, 10 जून(दिलीप शर्मा): देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अपने कार्यकाल की सबसे लंबी अवधि पूर्ण करने के अवसर पर ऋषिकेश के त्रिवेणी घाट पर भव्य गंगा आरती का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल के नेतृत्व में हुआ, जहां देश की उन्नति, समृद्धि और प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की गई।

इस अवसर पर डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 10 जून 2026 को लगातार 4399 दिनों तक देश की सेवा करते हुए भारत के इतिहास में सबसे लंबा कार्यकाल पूरा करने वाले प्रधानमंत्री बन गए हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने 26 मई 2014 को पदभार ग्रहण किया था और इस उपलब्धि के साथ उन्होंने देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के 4398 दिनों के लगातार कार्यकाल का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और सामाजिक समावेशन के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने तीन तलाक की प्रथा समाप्त करने, जम्मू-कश्मीर से धारा 370 एवं 35ए हटाने, अयोध्या में भगवान श्रीराम मंदिर निर्माण, जनधन योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, आयुष्मान भारत योजना और स्वच्छ भारत अभियान जैसी प्रमुख पहलों का उल्लेख करते हुए इन्हें ऐतिहासिक निर्णय बताया।

डॉ. अग्रवाल ने कहा कि समय के साथ देश की जनसंख्या और लोकतांत्रिक व्यवस्था का दायरा भी व्यापक हुआ है। उन्होंने बताया कि स्वतंत्र भारत के प्रथम आम चुनाव में 53 राजनीतिक दलों ने भाग लिया था, जबकि 2024 के आम चुनाव में यह संख्या 2100 से अधिक पहुंच गई, जो लोकतंत्र के विस्तार और जनभागीदारी का प्रतीक है।

कार्यक्रम के दौरान गंगा आरती के पश्चात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चित्र पर सांकेतिक रूप से मिष्ठान अर्पित किया गया तथा कार्यकर्ताओं एवं उपस्थित लोगों के बीच मिठाई वितरित कर खुशी व्यक्त की गई।

इस अवसर पर डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला, ऋषिकेश भाजपा जिला अध्यक्ष राजेंद्र तड़ियाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष मनोज ध्यानी, मंडल महामंत्री नितिन सक्सेना, दीपक बिष्ट, निवेदिता सरकार सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button