उत्तराखंडऋषिकेश

माटी कला बोर्ड के उपाध्यक्ष पद पर नियुक्ति का प्रजापति समाज ने किया विरोध, नियुक्ति निरस्त करने की मांग

समाज का दावा—माटी कला बोर्ड का प्रतिनिधित्व प्रजापति समाज को मिलना चाहिए, सरकार से तत्काल पुनर्विचार की अपील

ऋषिकेश, (दिलीप शर्मा): उत्तराखण्ड माटी कला बोर्ड के उपाध्यक्ष पद पर अनुराधा बलिया की नियुक्ति को लेकर प्रजापति समाज में असंतोष व्याप्त है। समाज के प्रतिनिधियों ने इस नियुक्ति का विरोध करते हुए इसे तत्काल निरस्त करने की मांग की है। उनका कहना है कि माटी कला बोर्ड का गठन राज्य में माटी कला एवं इससे जुड़े पारंपरिक प्रजापति समाज के उत्थान और हितों की रक्षा के उद्देश्य से किया गया है, ऐसे में बोर्ड के उपाध्यक्ष पद पर समाज से जुड़े व्यक्ति की नियुक्ति होनी चाहिए।

प्रजापति समाज के लोगों का आरोप है कि वर्तमान में नियुक्त अनुराधा बलिया का प्रजापति समाज से कोई प्रत्यक्ष संबंध नहीं है, जिससे समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। समाज का कहना है कि इस निर्णय से माटी कला से जुड़े लोगों के हित प्रभावित हो सकते हैं।

समाज के प्रतिनिधियों ने सरकार से मांग की है कि उपाध्यक्ष पद पर की गई नियुक्ति को तत्काल प्रभाव से निरस्त करते हुए प्रदेश के किसी योग्य एवं प्रतिनिधित्व करने वाले प्रजापति समाज के व्यक्ति को इस पद पर नियुक्त किया जाए। उनका कहना है कि इससे समाज का सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर विश्वास कायम रहेगा तथा समाज में किसी प्रकार की असंतोष या दुराव की स्थिति उत्पन्न नहीं होगी।

प्रजापति समाज ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर समय रहते विचार नहीं किया गया तो समाज व्यापक स्तर पर अपने विरोध को लोकतांत्रिक तरीके से दर्ज कराने पर विचार करेगा।

Related Articles

Back to top button