उत्तराखंडऋषिकेशदेहरादूनपुलिस बुलेटिन

₹25 हजार के इनामी वांछित आरोपी को ऋषिकेश पुलिस ने दबोचा, अवैध तमंचा और कारतूस बरामद

बिहार पुलिस की सूचना पर की गई कार्रवाई, रेलवे स्टेशन से फरार होने की फिराक में था आरोपी

ऋषिकेश, 11 जून(दिलीप शर्मा): बिहार पुलिस की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए ऋषिकेश पुलिस ने ₹25 हजार के इनामी और दो मामलों में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से एक अवैध 8 एमएम तमंचा, दो जिंदा कारतूस तथा मोबाइल फोन सहित अन्य सामान बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

बड़ी वारदात की आशंका के चलते गठित की गई विशेष टीम

पुलिस के अनुसार 10 जून 2026 को बिहार पुलिस से सूचना प्राप्त हुई थी कि सीतामढ़ी जिले का ₹25 हजार का इनामी अपराधी नसीम अख्तर ऋषिकेश क्षेत्र में मौजूद है। सूचना में यह भी बताया गया था कि आरोपी शातिर प्रवृत्ति का अपराधी है और किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम दे सकता है।

सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के नेतृत्व तथा क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश के निकट पर्यवेक्षण में तत्काल एक विशेष पुलिस टीम का गठन कर आरोपी की तलाश शुरू की गई।

मुखबिर तंत्र और सर्विलांस की मदद से मिली सफलता

प्रभारी निरीक्षक कैलाश चन्द्र भट्ट के नेतृत्व में पुलिस टीम ने स्थानीय मुखबिर तंत्र और सर्विलांस की सहायता से आरोपी की तलाश की। इस दौरान देहरादून रोड स्थित फ्लाईओवर के नीचे रेलवे लाइन के पास एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया, जिसने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया।

पुलिस टीम ने तत्परता और सूझबूझ का परिचय देते हुए घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान नसीम अख्तर पुत्र महफूज आलम निवासी ग्राम इस्लामपुर, थाना नानपुर, जिला सीतामढ़ी (बिहार) के रूप में बताई।

तलाशी में मिला अवैध हथियार

पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से एक अवैध 8 एमएम तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक मोबाइल फोन, बैग और अन्य सामान बरामद हुआ। जब आरोपी से हथियार का वैध लाइसेंस मांगा गया तो वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

इसके बाद पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर कोतवाली ऋषिकेश में मु0अ0सं0 233/2026 के तहत धारा 3/25(1-B)(a) आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज किया।

भाई से मिलने आया था, पुलिस की भनक लगते ही भागने की तैयारी

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने भाई से मिलने ऋषिकेश आया था। बिहार पुलिस द्वारा उसकी तलाश किए जाने की जानकारी मिलने के बाद वह रेलवे स्टेशन के रास्ते फरार होने की तैयारी कर रहा था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया।

पुलिस ने बरामद हथियार और कारतूस को विधिवत सील कर कब्जे में ले लिया तथा पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी कराई।

आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें थाना नानपुर, जिला सीतामढ़ी में भारतीय न्याय संहिता एवं आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज मुकदमा शामिल है। ऋषिकेश में भी उसके खिलाफ अवैध हथियार रखने के मामले में नया मुकदमा दर्ज किया गया है।

बरामदगी

  • एक अवैध 8 एमएम तमंचा
  • दो जिंदा कारतूस
  • एक मोबाइल फोन

कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम

इस सफल अभियान में प्रभारी निरीक्षक कैलाश चन्द्र भट्ट, उपनिरीक्षक विकसित पंवार, उपनिरीक्षक सुमित चौधरी, हेड कांस्टेबल विपिन सैनी (एसओजी), कांस्टेबल अमित राणा, कांस्टेबल मनोज (एसओजी) तथा कांस्टेबल शेखर सैनी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button