
ऋषिकेश, (दिलीप शर्मा): थाना मुनिकीरेती क्षेत्र के तपोवन स्थित साईं घाट पर गंगा नदी में डूबे युवक का शव SDRF ने लगातार चलाए जा रहे सर्च अभियान के दौरान बरामद कर लिया। अभियान के दौरान पशुलोक बैराज से एक अन्य अज्ञात व्यक्ति का शव भी मिला है, जिसकी पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, 8 जून 2026 को 20 वर्षीय श्याम जांगिड़, निवासी जोधपुर (राजस्थान), साईं घाट पर स्नान के दौरान गंगा नदी की तेज धारा में बह गया था। घटना के बाद से SDRF की टीम लगातार सर्च अभियान चला रही थी।
शुक्रवार को SDRF टीम ने पशुलोक बैराज क्षेत्र से युवक का शव बरामद किया। मौके पर मौजूद परिजनों ने शव की शिनाख्त श्याम जांगिड़ के रूप में की। इसके बाद SDRF ने शव को नदी से बाहर निकालकर आवश्यक कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एम्स ऋषिकेश की मोर्चरी भिजवा दिया है।
इसी सर्च अभियान के दौरान SDRF को पशुलोक बैराज क्षेत्र से एक अन्य अज्ञात पुरुष का शव भी मिला। टीम ने शव को बाहर निकालकर स्थानीय पुलिस के सुपुर्द किया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार शव 8 से 10 दिन पुराना है तथा मृतक की आयु लगभग 30 से 35 वर्ष के बीच प्रतीत हो रही है।
पुलिस ने अज्ञात शव की पहचान के लिए आसपास के सभी संबंधित थाना क्षेत्रों को सूचना भेज दी है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है।










