
देहरादून, 12 जून(दिलीप शर्मा): विकासनगर क्षेत्र के भीमावाला के समीप यमुना नदी में डूबी एक किशोरी का शव राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) ने गहन सर्च अभियान चलाकर बरामद कर लिया। घटना की सूचना डायल-112 के माध्यम से मिलने के बाद SDRF की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को अपराह्न 3:12 बजे डायल-112 के जरिए सूचना मिली कि भीमावाला के निकट यमुना नदी में एक किशोरी डूब गई है। सूचना मिलते ही पोस्ट प्रभारी डाकपत्थर अपर उप निरीक्षक आशिक अली के नेतृत्व में SDRF टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंचकर SDRF के प्रशिक्षित डीप डाइवर्स ने नदी में व्यापक सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चलाया। गहन खोजबीन के बाद टीम ने नदी में डूबी किशोरी देवी (17 वर्ष), पुत्री श्री नागराज, निवासी मार्टिनडेल, नवाबगढ़ का शव बरामद कर बाहर निकाला।
इसके बाद SDRF ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के लिए शव को जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।










