उत्तराखंडटिहरी गढ़वाल

UKSSSC परीक्षा को लेकर टिहरी प्रशासन अलर्ट, मौसम खराब रहने की आशंका के बीच अभ्यर्थियों को समय से पहले पहुंचने की सलाह

मार्ग अवरुद्ध होने या यातायात प्रभावित होने पर तत्काल कंट्रोल रूम को दें सूचना, 14 जून को 11 परीक्षा केन्द्रों पर होगी परीक्षा

नई टिहरी,12 जून (उत्तराखंड नेशन न्यूज़):14 जून 2026 को आयोजित होने वाली उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन टिहरी गढ़वाल ने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए हैं। जनपद में संभावित खराब मौसम को देखते हुए अभ्यर्थियों से परीक्षा शुरू होने से पर्याप्त समय पूर्व अपने निर्धारित परीक्षा केन्द्रों के निकट पहुंचने की अपील की गई है।

जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों एवं आमजन से अनुरोध किया है कि परीक्षा केन्द्रों तक यात्रा के दौरान यदि कहीं मार्ग अवरुद्ध होने अथवा यातायात प्रभावित होने की स्थिति उत्पन्न होती है तो इसकी सूचना तत्काल जिला नियंत्रण कक्ष को दें, ताकि संबंधित विभागों द्वारा त्वरित कार्रवाई कर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

जिला प्रशासन द्वारा जारी कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 01376-234793, 01376-233433 तथा मोबाइल नंबर 9456533332, 8126268098, 7465809009 एवं 7983340807 पर संपर्क किया जा सकता है।

जनपद टिहरी गढ़वाल में UKSSSC परीक्षा के लिए 11 परीक्षा केन्द्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें बीवीएस पब्लिक स्कूल नई टिहरी, बालिका राजकीय इंटर कॉलेज बौराड़ी, प्रताप इंटर कॉलेज बौराड़ी, न्यू टिहरी इंटरनेशनल स्कूल, सेंट एंथोनी स्कूल, सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज नई टिहरी, अटल उत्कृष्ट श्रीदेव सुमन इंटर कॉलेज चंबा (बालिका), राजकीय बालिका इंटर कॉलेज चंबा, सरस्वती विद्या मंदिर उनियालसारी चंबा, बालिका इंटर कॉलेज नरेंद्रनगर तथा श्री पूर्णानंद इंटर कॉलेज मुनिकीरेती शामिल हैं।

जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से मौसम और यातायात की स्थिति को ध्यान में रखते हुए समय से पहले यात्रा शुरू करने तथा किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन से संपर्क करने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button