
ऋषिकेश, 17 जुलाई (दिलीप शर्मा): ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने शुक्रवार को अपने ऋषिकेश स्थित कैंप कार्यालय में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने प्रकृति के संरक्षण और हरित वातावरण के निर्माण के लिए सभी कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।
वृक्षारोपण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. अग्रवाल ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण पूरी मानवता के सामने सबसे बड़ी चुनौती है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने के साथ-साथ जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों को कम करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने दैनिक जीवन में प्रकृति संरक्षण को प्राथमिकता देनी चाहिए। केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण और संवर्धन भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पर्यावरण संरक्षण के इस संदेश को जन-जन तक पहुंचाने और अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण अभियान से जोड़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में श्यामपुर मंडल अध्यक्ष चंद्र मोहन पोखरियाल, रायवाला मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र बिष्ट, भाजयुमो जिला महामंत्री कौशल बिजलवान, रायवाला मंडल मंत्री मनोज डंगवाल, भाजपा कार्यकर्ता सुमित सेठी, पूर्व पार्षद शिवकुमार गौतम, वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता कमला नेगी, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष दीपा राणा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।










