हरेला पर्व पर वन मंत्री सुबोध उनियाल ने किया रुद्राक्ष का पौधारोपण, सहायता समूहों को दिए 22 लाख के चेक
पीटीसी नरेंद्र नगर में आयोजित कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प, वन मंत्री बोले— हरेला प्रकृति के प्रति श्रद्धा और हरित भविष्य का प्रतीक

नरेंद्र नगर/टिहरी,(दिलीप शर्मा): उत्तराखण्ड के 16 जुलाई को लोकपर्व हरेला के अवसर पर वन प्रशिक्षण केंद्र (पीटीसी) नरेंद्र नगर में गुरुवार को वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के वन, विधायी एवं संसदीय कार्य, निर्वाचन, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल ने रुद्राक्ष का पौधा लगाकर अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान पिरूल (चीड़ की पत्तियों) के एकत्रीकरण से जुड़े विभिन्न स्वयं सहायता समूहों को 22 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि के चेक भी वितरित किए गए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वन मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि हरेला उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक विरासत और प्रकृति के प्रति आस्था का प्रतीक पर्व है। यह पर्व प्रकृति के साथ संतुलित जीवन जीने और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण सुरक्षित रखने का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखण्ड को हरित प्रदेश के रूप में विकसित करने के लिए वन संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।

वन मंत्री ने रुद्राक्ष के वृक्ष के धार्मिक, आध्यात्मिक और औषधीय महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि भगवान शिव से जुड़े होने के कारण इसका उत्तराखण्ड की संस्कृति में विशेष स्थान है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल औपचारिकता नहीं होना चाहिए, बल्कि लगाए गए पौधों का संरक्षण और संवर्धन भी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी लोगों से अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हरेला पर्व के अवसर पर व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चला रही है, जिसका उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ना और जलवायु परिवर्तन जैसी वैश्विक चुनौतियों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि वृक्ष जैव विविधता के संरक्षण के साथ-साथ जल एवं मृदा संरक्षण तथा स्वच्छ वातावरण बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी हरेला पर्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसे उत्तराखण्ड की समृद्ध लोक संस्कृति का प्रतीक बताया। पीटीसी नरेंद्र नगर में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी उत्साहपूर्वक पौधारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख दीक्षा राणा, नगर पालिका नरेंद्र नगर के अध्यक्ष राजेंद्र विक्रम पंवार, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, उपजिलाधिकारी आशीष घिल्डियाल, एसडीओ फॉरेस्ट किशोर नौटियाल, अनिल पैन्यूली सहित वन विभाग के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, स्थानीय नागरिकों और प्रशिक्षुओं ने परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया।
कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा “एक पेड़ मां के नाम” तथा “हरेला-हरित उत्तराखण्ड” का संकल्प लेकर किया गया।










