उत्तराखंडऋषिकेशश्रद्धांजलि

शहीद बटुकेश्वर दत्त की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि, ऋषिकेश में हुआ पौधारोपण

पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने वन विभाग के साथ लगाया पौधा, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

ऋषिकेश, 20 जुलाई(दिलीप शर्मा): भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के महान क्रांतिकारी शहीद बटुकेश्वर दत्त की पुण्यतिथि पर ऋषिकेश वन रेंज कार्यालय परिसर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने वन क्षेत्राधिकारी जी. एस. धमान्दा तथा वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ शहीद बटुकेश्वर दत्त को श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके बाद सभी ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

क्रांतिकारियों का बलिदान देश की अमूल्य धरोहर : डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि शहीद बटुकेश्वर दत्त जैसे महान क्रांतिकारियों का त्याग और बलिदान देश की आजादी की मजबूत नींव है। उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि उनकी पुण्यतिथि हमें न केवल उनके संघर्ष और समर्पण को स्मरण करने का अवसर देती है, बल्कि राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को समझने और उनका ईमानदारी से निर्वहन करने की प्रेरणा भी प्रदान करती है।

पर्यावरण संरक्षण भी राष्ट्र सेवा का महत्वपूर्ण दायित्व

डॉ. अग्रवाल ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है और यह भी राष्ट्र सेवा का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और संतुलित पर्यावरण सुनिश्चित करने का संकल्प है। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

हरित उत्तराखंड के संकल्प को साकार करने में जुटा वन विभाग

वन क्षेत्राधिकारी जी. एस. धमान्दा ने अपने संबोधन में कहा कि वन विभाग प्रदेश में हरित उत्तराखंड के लक्ष्य को साकार करने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ती है और जनसहभागिता को भी बढ़ावा मिलता है। उन्होंने नागरिकों से पौधारोपण अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

वनकर्मियों ने ली पर्यावरण संरक्षण की शपथ

कार्यक्रम के दौरान वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने शहीद बटुकेश्वर दत्त को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेते हुए पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने का संदेश दिया।

Related Articles

Back to top button