उत्तराखंडकावड़ मेलाटिहरी गढ़वाल

कांवड़ मेला 2026 की तैयारियों में जुटा प्रशासन: समय से पूरी हों सभी व्यवस्थाएं, सुरक्षा पर रहेगा विशेष फोकस

डीएम नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक, एसएसपी श्वेता चौबे ने दिए कानून व्यवस्था के कड़े निर्देश

नई टिहरी, 20 जुलाई(दिलीप शर्मा): आगामी 30 जुलाई से 10 अगस्त 2026 तक आयोजित होने वाले कांवड़ मेले को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में व्यापक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने की, जबकि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे विशेष रूप से मौजूद रहीं। इस दौरान कांवड़ क्षेत्र से जुड़े सभी विभागों को समयबद्ध ढंग से व्यवस्थाएं पूर्ण करने तथा आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।

श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए समय पर पूरी हों सभी तैयारियां

जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने कहा कि प्रत्येक वर्ष कांवड़ मेले में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है। ऐसे में सभी विभाग अपनी तैयारियां समय रहते पूरी करें, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने चन्द्रभागा एवं खारास्रोत पार्किंग स्थलों पर विद्युत, पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था सहित सभी मूलभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने अवगत कराया कि अस्थायी पार्किंग स्थलों का टेंडर कराया जा चुका है।

पार्किंग व्यवस्था होगी पारदर्शी, रेट लिस्ट और संपर्क नंबर होंगे अनिवार्य

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी पार्किंग स्थलों पर वाहन पार्किंग शुल्क की रेट लिस्ट स्पष्ट रूप से प्रदर्शित की जाए। साथ ही पार्किंग पर्ची पर पार्किंग स्थल का नाम एवं संबंधित संपर्क नंबर अंकित करना अनिवार्य होगा, ताकि किसी भी शिकायत का त्वरित समाधान किया जा सके।

उन्होंने मुनिकीरेती-तपोवन क्षेत्र की पार्किंग पर अनावश्यक दबाव कम करने के लिए देहरादून पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर आईडीपीएल सहित अन्य वैकल्पिक पार्किंग स्थलों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा सभी पार्किंग स्थलों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरे एवं नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

राम झूला बंद रहने के दौरान वैकल्पिक व्यवस्था पर रहेगा जोर

बैठक में लोक निर्माण विभाग द्वारा राम झूला बंद किए जाने की जानकारी दिए जाने पर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी एवं क्षेत्राधिकारी को दोनों जनपदों के व्यापार मंडलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर आवश्यक निर्णय लेने के निर्देश दिए।

उन्होंने जानकी सेतु एवं बजरंग सेतु को वन-वे व्यवस्था के तहत उपयोग में लाने के लिए समय रहते व्यू-कटर लगाने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।

विद्युत एवं अन्य संरचनाओं की होगी सुरक्षा जांच

जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग, नगर पालिका मुनिकीरेती एवं नगर पंचायत तपोवन को निर्देशित किया कि कांवड़ क्षेत्र में स्थित सभी विद्युत पोल, स्ट्रीट लाइट पोल एवं अन्य संरचनाओं की सुरक्षा जांच कर रिपोर्ट उप जिलाधिकारी नरेंद्रनगर के माध्यम से उपलब्ध कराई जाए। साथ ही सभी विद्युत ट्रांसफार्मरों एवं टावरों की बैरिकेडिंग अनिवार्य रूप से कराई जाए, ताकि दुर्घटनाओं की संभावना समाप्त की जा सके।

घाटों पर सुरक्षा बढ़ेगी, नीर वाटर फॉल रहेगा बंद

सिंचाई विभाग को सभी घाटों पर सुरक्षा चेन लगाने तथा पूर्व में लगाए गए सुरक्षा उपकरणों की जांच करने के निर्देश दिए गए। वन विभाग को मार्गों में बाधा बनने वाले पेड़ों की समय से लॉपिंग एवं चॉपिंग कराने को कहा गया। साथ ही श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए नीर वाटर फॉल को बंद रखने के निर्देश भी जारी किए गए।

होटलों-ढाबों की होगी नियमित जांच, सफाई पर रहेगा विशेष जोर

जिलाधिकारी ने खाद्य सुरक्षा विभाग एवं जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देश दिए कि कांवड़ मेले के दौरान सभी होटल, ढाबों एवं रेस्टोरेंटों का नियमित निरीक्षण किया जाए तथा सभी प्रतिष्ठानों पर रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित कराई जाए।

नगर निकायों को रात्रिकालीन विशेष सफाई अभियान संचालित कर स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए। वहीं अग्निशमन विभाग को सभी अग्निशमन यंत्र एवं उपकरण पूर्णतः क्रियाशील रखने को कहा गया। देवप्रयाग संगम एवं कीर्तिनगर के नदी क्षेत्रों में भी सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए।

सुरक्षा और कानून व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता: एसएसपी श्वेता चौबे

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने कहा कि कांवड़ मेले के दौरान सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, लगातार गश्त, सीसीटीवी निगरानी तथा प्रभावी भीड़ प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस एवं प्रशासन आपसी समन्वय के साथ कार्य करेंगे और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।

ड्रोन निगरानी और क्यूआरटी रहेगी सक्रिय

एसएसपी ने सभी पार्किंग स्थलों, घाटों एवं प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल और स्वयंसेवकों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी) को सक्रिय रखने तथा कंट्रोल रूम से सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने को कहा गया।

उन्होंने संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने, ड्रोन एवं सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी बढ़ाने तथा सभी विभागों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया।

पुलिस कंट्रोल रूम में तैनात रहेंगे विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि

बैठक में निर्णय लिया गया कि कांवड़ मेले की अवधि के दौरान पुलिस कंट्रोल रूम में विद्युत, पूर्ति, नगर पालिका, नगर पंचायत, सिंचाई, लोक निर्माण विभाग सहित सभी प्रमुख विभागों का एक-एक कार्मिक तैनात रहेगा। इससे किसी भी आपात स्थिति में संबंधित विभाग की सेवाएं तत्काल उपलब्ध कराई जा सकेंगी और समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित होगा।

ये अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी, जिला विकास अधिकारी मो. असलम, उप जिलाधिकारी कमलेश मेहता सहित वर्चुअल माध्यम से उप जिलाधिकारी नरेंद्रनगर आशीष चन्द्र घिल्डियाल, उप जिलाधिकारी कीर्तिनगर, सीओ नरेंद्रनगर सुरेन्द्र सिंह भण्डारी, अधिशासी अधिकारी तपोवन एवं मुनिकीरेती तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button