उत्तराखंडऋषिकेश

गंगा के तेज बहाव में बहा भेलपुरी विक्रेता, पशुलोक बैराज के पास टापू में फंसा; SDRF, जल पुलिस और आपदा राहत दल ने बचाई जान

रामझूला क्षेत्र में पैर फिसलने से गंगा में गिरा व्यक्ति, दलदली टापू पर पहुंचकर फंसा; पर्यटकों की सतर्कता से समय रहते चला रेस्क्यू अभियान

ऋषिकेश, 20 जुलाई(दिलीप शर्मा): गंगा नदी के तेज बहाव में बहकर पशुलोक बैराज से पहले बने एक दलदली टापू पर फंसे एक व्यक्ति को सोमवार को एसडीआरएफ (SDRF), जल पुलिस एवं आपदा राहत दल की संयुक्त टीम ने साहसिक अभियान चलाकर सकुशल बाहर निकाल लिया। राफ्ट की सहायता से चलाए गए इस रेस्क्यू अभियान में टीम ने दलदल में फंसे व्यक्ति को सुरक्षित निकालकर किनारे पहुंचाया और उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।

 

जानकारी के अनुसार सोमवार को जिला कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि पशुलोक बैराज से पूर्व गंगा नदी के बीच स्थित एक टापू पर एक व्यक्ति फंसा हुआ है, जो हाथों के इशारे से सहायता की गुहार लगा रहा है। सूचना मिलते ही त्रिवेणी घाट पर तैनात एसडीआरएफ, जल पुलिस और आपदा राहत दल की संयुक्त टीम तत्काल आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

दलदल में फंसा मिला व्यक्ति

संयुक्त टीम राफ्ट के माध्यम से टापू तक पहुंची, जहां देखा गया कि संबंधित व्यक्ति टापू के दलदली हिस्से में बुरी तरह फंसा हुआ था। रेस्क्यू टीम ने अत्यंत सावधानी बरतते हुए पहले उसे दलदल से सुरक्षित बाहर निकाला और फिर राफ्ट के जरिए नदी पार कर सुरक्षित किनारे ले आई।

पर्यटकों की सतर्कता से बची जान

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार व्यक्ति रामझूला क्षेत्र से गंगा नदी के तेज बहाव में बह गया था। बहते-बहते वह पशुलोक बैराज से पहले बने टापू तक पहुंच गया, जहां दलदल में फंसकर बाहर निकलने में असमर्थ हो गया। इसी दौरान घाट पर मौजूद कुछ पर्यटकों की नजर उस पर पड़ी। उन्होंने तत्काल जिला कंट्रोल रूम को सूचना देकर समय रहते राहत एवं बचाव अभियान शुरू कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया

सफल रेस्क्यू के बाद व्यक्ति को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के लिए एम्स चौकी पुलिस के सुपुर्द किया गया। इसके बाद उसे प्राथमिक उपचार के लिए सरकारी अस्पताल भेजा गया, जहां उसका स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया।

भेलपुरी का ठेला लगाते हैं विनोद सिंह

रेस्क्यू किए गए व्यक्ति की पहचान विनोद सिंह (50 वर्ष) पुत्र तेज बहादुर, निवासी शीशम झाड़ी, मुनिकीरेती के रूप में हुई। विनोद सिंह ने बताया कि वे परमार्थ निकेतन के समीप भेलपुरी का ठेला लगाते हैं। सोमवार को रामझूला क्षेत्र में उनका पैर फिसल गया, जिससे वे गंगा नदी में गिर पड़े और तेज बहाव में बहते हुए पशुलोक बैराज के निकट बने टापू पर पहुंच गए, जहां दलदल में फंस गए थे।

संयुक्त टीम की त्वरित कार्रवाई से टला बड़ा हादसा

एसडीआरएफ, जल पुलिस और आपदा राहत दल की त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई के चलते संभावित बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों और पर्यटकों ने भी रेस्क्यू टीम की तत्परता और साहस की सराहना करते हुए कहा कि समय पर की गई कार्रवाई से एक व्यक्ति की जान बचाई जा सकी।

Related Articles

Back to top button