उत्तराखंडटिहरी गढ़वालबोर्ड बैठकमुनि की रेती

मुनिकीरेती-ढालवाला बोर्ड बैठक: जनसमस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर, कांवड़ व कुंभ मेले की तैयारियों की भी हुई समीक्षा

पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ हुई समन्वय बैठक, सभासदों ने उठाईं वार्डों की प्रमुख समस्याएं

मुनिकीरेती/टिहरी(दिलीप शर्मा): नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला क्षेत्र की जनसमस्याओं के प्रभावी समाधान और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से मंगलवार को पालिका सभागार में बोर्ड बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने की, जबकि अधिशासी अधिकारी बद्री प्रसाद भट्ट सहित सभी सभासद एवं जल संस्थान, पेयजल निगम, सिंचाई विभाग, पुलिस विभाग तथा विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में सभासदों ने अपने-अपने वार्डों की समस्याओं को संबंधित विभागों के समक्ष प्रमुखता से रखा और उनके शीघ्र समाधान की मांग की। इसके साथ ही अप्रैल से जून माह तक के आय-व्यय का अनुमोदन, आगामी कांवड़ मेला एवं कुंभ मेले की तैयारियों, वर्षा ऋतु में संभावित आपदाओं से निपटने की रणनीति, नगर क्षेत्र के विकास कार्यों तथा लघु निर्माण कार्यों की दरों में होने वाले विचलनों पर भी विस्तृत चर्चा की गई।

पेयजल लाइनों के अधूरे कार्यों पर सभासदों ने जताई नाराजगी

बैठक में पेयजल निगम के अधिकारियों के समक्ष कई वार्डों में पेयजल लाइन नहीं बिछाए जाने का मुद्दा जोरदार ढंग से उठा। वार्ड-02 के सभासद विनोद खंडूडी ने एसएसबी कैंप के समीप, वार्ड-03 के सभासद सचिन रस्तोगी ने गली नंबर-17 तथा वार्ड-04 के सभासद ब्रिजेश गिरी ने गली नंबर-02, 12, 13 एवं 17 में पेयजल लाइन नहीं बिछाए जाने पर नाराजगी व्यक्त की।

इस पर पेयजल निगम के सहायक अभियंता भूषण सिंह ने बताया कि शीशम झाड़ी क्षेत्र में लगभग 70 प्रतिशत पेयजल लाइन बिछाने का कार्य पूरा हो चुका है तथा शेष कार्यों की स्वीकृति के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है।

सिंचाई विभाग के नालों और जालों की बदहाल स्थिति बनी चिंता का विषय

सिंचाई विभाग से संबंधित समस्याओं पर चर्चा के दौरान वार्ड-07 के सभासद गजेंद्र सिंह सजवाण ने बताया कि नगर क्षेत्र में विभाग द्वारा बनाए गए अधिकांश नालों के जाले टूट चुके हैं अथवा मुड़ गए हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है।

वार्ड-10 के सभासद विनोद सकलानी ने श्रीदेव सुमन मार्ग एवं रिलायंस पेट्रोल पंप के समीप क्षतिग्रस्त जालों के कारण जलभराव और मलबा जमा होने की समस्या उठाई। वहीं वार्ड-03 के सचिन रस्तोगी और वार्ड-04 के ब्रिजेश गिरी ने ढालवाला से चंद्रभागा की ओर जाने वाले नाले के निकासी मुहाने को चौड़ा करने की मांग रखी ताकि बरसात में शीशम झाड़ी क्षेत्र में जलभराव की समस्या समाप्त हो सके।

पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को जालों की मरम्मत तथा नालों की सफाई के लिए शीघ्र प्रस्ताव तैयार कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की उठी मांग

बैठक में कानून व्यवस्था और सुरक्षा का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने कहा कि नगर क्षेत्र और आस्था पथ पर पुलिस की नियमित गश्त नहीं होने से चोरी की घटनाओं में वृद्धि हो रही है। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने तथा नगर की सुरक्षा के लिए पालिका स्तर पर सीसीटीवी कैमरे लगाने का प्रस्ताव रखा।

वार्ड-03 के सभासद सचिन रस्तोगी ने बताया कि नाले वाली सड़क पर रात्रि के समय नशेड़ी जमा हो जाते हैं, जिससे स्थानीय लोग परेशान रहते हैं। वार्ड-04 के सभासद ब्रिजेश गिरी ने आस्था पथ स्थित पुलिस बूथ में पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने की मांग की।

वार्ड-07 के सभासद गजेंद्र सिंह सजवाण ने आबादी क्षेत्र में बाहरी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने, पटाखा साइलेंसर वाले दोपहिया वाहनों के खिलाफ कार्रवाई तथा 14 बीघा पुल और मंडी क्षेत्र में अवैध रूप से खड़ी ठेलियों एवं वाहनों को हटाने की मांग रखी।

वार्ड-08 की सभासद स्वाति पोखरियाल ने आनंद विहार स्थित पुलिस बूथ में पुलिसकर्मियों की तैनाती नहीं होने से चोरी की घटनाएं बढ़ने की बात कही। वहीं वार्ड-10 के सभासद विनोद सकलानी ने बाहरी व्यक्तियों और फेरी लगाने वाले कारोबारियों का सत्यापन कराने की मांग उठाई।

अधिक वोल्टेज और स्मार्ट मीटर को लेकर विद्युत विभाग से उठे सवाल

विद्युत विभाग के अधिकारियों के समक्ष वार्ड-03 के सभासद सचिन रस्तोगी ने स्मार्ट मीटरों को लेकर लोगों को जागरूक करने की आवश्यकता बताई।

वार्ड-10 के सभासद विनोद सकलानी ने अधिक वोल्टेज के कारण श्रीदेव सुमन मार्ग और बहुगुणा मार्ग क्षेत्र में कई घरों के पंखे, टीवी और फ्रिज खराब होने की शिकायत दर्ज कराई।

इस पर अवर अभियंता देवेश अवस्थी ने बताया कि क्षेत्र की विद्युत लाइनों को चरणबद्ध तरीके से भूमिगत किया जा रहा है तथा खुले स्थानों पर रखे ट्रांसफार्मरों को भी जल्द सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया जाएगा। उन्होंने कार्यों के दौरान जनप्रतिनिधियों से सहयोग की अपील भी की।

सभासदों ने रखे विकास कार्यों से जुड़े अनेक प्रस्ताव

बैठक के दौरान विभिन्न सभासदों ने अपने-अपने वार्डों के विकास और जनसुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे।

वार्ड-02 के सभासद विनोद खंडूडी ने आस्था पथ स्थित क्षतिग्रस्त शौचालय को तत्काल बंद करने की मांग की ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो।

वार्ड-03 के सभासद सचिन रस्तोगी ने डॉ. पुंडीर के घर से जेठुड़ी के घर तक नाली निर्माण तथा गली नंबर-04 एवं 05 के निर्माण का प्रस्ताव रखा।

वार्ड-04 के सभासद ब्रिजेश गिरी ने शीशम झाड़ी क्षेत्र में नई कूड़ा गाड़ी उपलब्ध कराने और पालिका परिसर में सुरक्षा गार्ड नियुक्त करने की मांग की।

वार्ड-05 के सभासद लक्ष्मण भंडारी ने ऋषिकेश और मुनिकीरेती के बीच लंबे समय से चले आ रहे सीमा विवाद के शीघ्र समाधान का प्रस्ताव रखा।

वार्ड-06 की सभासद बबीता रमोला ने नगर क्षेत्र में बढ़ती निराश्रित पशुओं की समस्या पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्हें गौशालाओं में भेजने की व्यवस्था करने का सुझाव दिया।

वार्ड-07 के सभासद गजेंद्र सिंह सजवाण ने 14 बीघा पुल की सुंदरता बढ़ाने के लिए फेंसिंग, पुल से भैरो मंदिर पंपिंग स्टेशन तक पार्किंग निर्माण, कंडारी कॉम्प्लेक्स के समीप वाटर कूलर लगाने तथा राज्य आंदोलनकारियों के लिए स्मृति स्थल चिन्हित करने का प्रस्ताव रखा।

समन्वित प्रयासों से होगा समस्याओं का समाधान

बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने सभासदों द्वारा उठाई गई समस्याओं पर शीघ्र कार्रवाई का भरोसा दिलाया। पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने कहा कि नगरवासियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान परिषद की प्राथमिकता है और सभी विभागों के समन्वय से विकास कार्यों को गति देने के साथ-साथ नागरिक सुविधाओं को और अधिक बेहतर बनाया जाएगा।

बैठक में सभासद मीनू गोडियाल, विनोद खंडूडी, सचिन रस्तोगी, ब्रिजेश गिरी, लक्ष्मण भंडारी, बबीता रमोला, गजेंद्र सिंह सजवाण, स्वाति पोखरियाल, रेखा पैन्यूली, विनोद सकलानी, निशा नेगी, सहायक अभियंता पेय जल निगम से भूषण सिंह, जल संस्थान से कनिष्ठ अभियंता प्रमोद हटवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं पालिका कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button