उत्तराखंडऋषिकेशकावड़ मेला

कांवड़ मेला-2026: श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए ऋषिकेश पुलिस ने कसी कमर, एसपीओ के साथ हुई समन्वय बैठक

भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिए गए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश

ऋषिकेश, 24 जुलाई(दिलीप शर्मा): आगामी कांवड़ मेला-2026 के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर ऋषिकेश पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में कोतवाली ऋषिकेश परिसर में प्रभारी निरीक्षक की अध्यक्षता में थाना क्षेत्र में तैनात किए जाने वाले स्पेशल पुलिस ऑफिसर्स (एसपीओ) के साथ एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाना तथा पुलिस और एसपीओ के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना रहा।

बैठक में प्रभारी निरीक्षक ने एसपीओ को उनके दायित्वों और जिम्मेदारियों से विस्तारपूर्वक अवगत कराया। उन्होंने कहा कि कांवड़ मेले जैसे विशाल धार्मिक आयोजन में एसपीओ पुलिस और श्रद्धालुओं के बीच महत्वपूर्ण समन्वयक की भूमिका निभाते हैं। ऐसे में प्रत्येक एसपीओ को पूरी सतर्कता, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना होगा।

श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा रहेगी सर्वोच्च प्राथमिकता

बैठक के दौरान एसपीओ को भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, श्रद्धालुओं को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने, मार्गदर्शन करने तथा पार्किंग स्थलों पर सहयोग देने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए। इसके अलावा संदिग्ध व्यक्तियों एवं संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने और किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल संबंधित पुलिस अधिकारी को देने के लिए भी विशेष रूप से निर्देशित किया गया।

प्रभारी निरीक्षक ने कहा कि कांवड़ मेले में लाखों श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें एसपीओ की सक्रिय भागीदारी व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाएगी।

एसपीओ के सुझावों पर भी हुई चर्चा

बैठक के दौरान उपस्थित एसपीओ से उनके अनुभव और सुझाव भी आमंत्रित किए गए। विभिन्न सुझावों पर विस्तार से चर्चा करते हुए प्रभारी निरीक्षक ने कहा कि स्थानीय परिस्थितियों और व्यवस्थाओं की बेहतर जानकारी होने के कारण एसपीओ मेले के संचालन में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। पुलिस और एसपीओ के बेहतर समन्वय से श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सहज और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जा सकेगा।

शांतिपूर्ण एवं सफल मेले के लिए लिया सहयोग का संकल्प

बैठक के अंत में सभी एसपीओ ने कांवड़ मेला-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सफल बनाने के लिए पूर्ण निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ उत्तराखण्ड पुलिस का सहयोग करने का संकल्प लिया। ऋषिकेश पुलिस ने विश्वास जताया कि पुलिस बल और एसपीओ के संयुक्त प्रयासों से इस वर्ष का कांवड़ मेला सुरक्षा और व्यवस्थाओं के लिहाज से सफल एवं अनुकरणीय साबित होगा।

Related Articles

Back to top button