ऋषिकेश के पार्षदों ने विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल से की शिष्टाचार भेंट
करीब 25 पार्षदों ने वार्डों की समस्याएं और जनहित के मुद्दे रखे, विधायक ने त्वरित समाधान का दिया भरोसा

ऋषिकेश, 30 जुलाई(दिलीप शर्मा): नगर निगम ऋषिकेश के लगभग 25 पार्षदों ने गुरुवार को ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल से उनके ऋषिकेश स्थित कैंप कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं, विकास कार्यों तथा जनहित के महत्वपूर्ण मुद्दों को विधायक के समक्ष विस्तार से रखा और उनके समाधान की मांग की।

बैठक के दौरान डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने सभी पार्षदों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा प्रत्येक विषय पर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि ऋषिकेश क्षेत्र का संतुलित एवं समग्र विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। नगर निगम के प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने तथा नागरिकों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के माध्यम से जनता की समस्याओं की वास्तविक जानकारी प्राप्त होती है, जिससे विकास योजनाओं को अधिक प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करने में सहायता मिलती है। उन्होंने पार्षदों से भी अपने-अपने वार्डों की समस्याओं को नियमित रूप से प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के संज्ञान में लाने का आह्वान किया, ताकि उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक के अंत में पार्षदों ने अपनी समस्याओं के समाधान को लेकर विधायक द्वारा दिए गए आश्वासन पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल का आभार जताते हुए उन्हें गुलदस्ता भेंट कर धन्यवाद ज्ञापित किया तथा क्षेत्र के विकास के लिए उनके प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर पार्षद वीरेंद्र रमोला, आशु डंग, अजय दास, राजेश कोठियाल, सोनू प्रभाकर, विनोद नाथ, हर्षवर्धन रावत (पिंटू), दिनेश रावत, राजेश दिवाकर, मुस्कान, सिमरन उप्पल, माधवी गुप्ता, संध्या बिष्ट, पायल बिष्ट, रेहा ध्यानी, ज्योति पासवान, सुनीता भारद्वाज, पार्षद प्रतिनिधि किशन मंडल, नवीन नौटियाल, सुजीत यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।










