उत्तराखंडऋषिकेशक्राइमपुलिस बुलेटिन

नाबालिग से दुष्कर्म और आपत्तिजनक फोटो-वीडियो बनाकर धमकाने का आरोप, युवक गिरफ्तार

ऋषिकेश पुलिस की त्वरित कार्रवाई, नेहरूग्राम स्थित घर के बाहर से पकड़ा गया 20 वर्षीय अभियुक्त

ऋषिकेश, 14 सितंबर(दिलीप शर्मा): नाबालिग किशोरी को नशीला पदार्थ देकर होटल के कमरे में ले जाकर दुष्कर्म करने तथा उसके आपत्तिजनक फोटो-वीडियो बनाकर सार्वजनिक करने की धमकी देने के गंभीर मामले में ऋषिकेश पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्त को नेहरूग्राम स्थित उसके घर के बाहर से गिरफ्तार किया। वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, 24 अगस्त 2026 को गंगानगर, ऋषिकेश निवासी महिला ने कोतवाली ऋषिकेश में तहरीर दी थी। तहरीर में बताया गया कि उनकी 17 वर्षीय पुत्री को अभियुक्त अखिलेश द्वारा तपोवन बुलाया गया। आरोप है कि वहां उसे नशीला पदार्थ दिया गया और इसके बाद होटल के कमरे में ले जाकर उसके साथ जबरदस्ती की गई।

तहरीर के मुताबिक, अभियुक्त ने पीड़िता के आपत्तिजनक फोटो एवं वीडियो भी बनाए और उन्हें सार्वजनिक करने की धमकी दी। इसके बाद भी फोन और मैसेज के माध्यम से पीड़िता पर मिलने के लिए दबाव बनाए जाने का आरोप लगाया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली ऋषिकेश में मुकदमा अपराध संख्या 411/2026 के तहत धारा 137(2)/64 बीएनएस, धारा 3/4, 13/14 पॉक्सो अधिनियम तथा धारा 77 बाल किशोर न्याय अधिनियम के अंतर्गत अभियोग दर्ज किया गया।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दबिश देकर पकड़ा

प्रकरण में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली ऋषिकेश ने पुलिस टीम गठित कर नामजद अभियुक्त की तलाश शुरू कराई।

विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम अभियुक्त की तलाश में जुटी थी। 13 सितंबर को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि नामजद अभियुक्त अखिलेश उर्फ अक्की अपने घर पर मौजूद है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने नेहरूग्राम स्थित उसके घर पहुंचकर घर के बाहर से अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी का समय शाम 6:15 बजे रहा।

अभियुक्त का मेडिकल परीक्षण, न्यायालय में पेशी की तैयारी

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी की सूचना अभियुक्त के परिजनों को दे दी गई है। अभियुक्त का नियमानुसार मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

गिरफ्तार अभियुक्त

अखिलेश उर्फ अक्की, पुत्र स्व. जितेन्द्र नौटियाल, निवासी लेन नंबर-05, इन्द्रानगर, नेहरूग्राम, थाना ऋषिकेश, जनपद देहरादून, उम्र 20 वर्ष।

पुलिस टीम

  • निरीक्षक यशपाल सिंह बिष्ट
  • महिला उपनिरीक्षक सीमा राघव
  • कांस्टेबल 787 दिनेश महर
  • कांस्टेबल 886 संदीप छावड़ी

Related Articles

Back to top button