जानकी सेतु के पास नदी के बीच टापू में फंसा युवक, SDRF ने किया सकुशल रेस्क्यू
देर रात सूचना मिलते ही ढालवाला से पहुंची रेस्क्यू टीम, 19 वर्षीय आयुष भंडारी को सुरक्षित बाहर निकाल पुलिस के सुपुर्द किया




ऋषिकेश/मुनिकीरेती 14 सितंबर(दिलीप शर्मा): जानकी सेतु के पास नदी के बीच बने टापू पर फंसे 19 वर्षीय युवक को SDRF की टीम ने देर रात साहस और तत्परता के साथ सकुशल रेस्क्यू कर लिया। समय रहते की गई कार्रवाई से युवक को सुरक्षित नदी से बाहर निकाला जा सका।
जानकारी के अनुसार, देर रात्रि चौकी ढालवाला से SDRF पोस्ट ढालवाला को सूचना मिली कि जानकी सेतु के समीप नदी के बीच बने टापू पर एक व्यक्ति फंस गया है। सूचना मिलते ही SDRF पोस्ट ढालवाला से सब इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम आवश्यक उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंचने के बाद SDRF जवानों ने विषम परिस्थितियों के बीच त्वरित रेस्क्यू अभियान शुरू किया। टीम ने सुरक्षित तरीके से नदी पार कर टापू तक पहुंच बनाई और वहां फंसे युवक को सकुशल बाहर निकाल लिया।
रेस्क्यू किए गए युवक की पहचान आयुष भंडारी (19), पुत्र कुलदीप भंडारी, निवासी कर्णप्रयाग, जनपद चमोली के रूप में हुई। रेस्क्यू के बाद युवक को आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
SDRF टीम की तत्परता और कुशल रेस्क्यू कार्रवाई के चलते नदी के बीच टापू पर फंसे युवक को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाला जा सका।





