स्वच्छ सर्वेक्षण 2025: मुनिकीरेती-ढालवाला में सफाई अभियान तेज, प्रतिबंधित प्लास्टिक पर नगर पालिका की कार्यवाही
निरीक्षण में 6 चालान, 900 रुपये का राजस्व; गंगा घाटों पर सफाई बनाए रखने को लगातार सख्ती

मुनिकीरेती/टिहरी (दिलीप शर्मा) : नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला ने स्वच्छत सर्वेक्षण 2025 की तैयारियों को गति देते हुए सफाई अभियानों के साथ-साथ सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध लागू कराने की कवायद को और तेज कर दिया है। मंगलवार को नगर पालिका की टीम ने अभियान के दौरान छह चालान जारी कर 900 रुपये का राजस्व वसूला।
सफाई निरीक्षक कमल चौहान के नेतृत्व में नगरपालिका की टीम ने नगर क्षेत्र के सार्वजनिक स्थानों व गंगा किनारे स्थित घाटों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान गंगा घाटों पर गंदगी फैलाने और पॉलिथीन, थर्मोकोल व अन्य प्रतिबंधित प्लास्टिक वस्तुओं के उपयोग की पुष्टि पर छह लोगों के चालान काटे गए।
सफाई निरीक्षक कमल चौहान ने बताया कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 को सफल बनाने और गंगा तटों की स्वच्छता बनाए रखने के लिए नियमित कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे पॉलिथीन का उपयोग न करें, स्वच्छता का ध्यान रखें और कूड़ा निर्धारित स्थानों पर ही डालें।









