
ऋषिकेश (दिलीप शर्मा) : नगर निगम ऋषिकेश में बुधवार को पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत 03 नवंबर 2025 से 02 दिसंबर 2025 तक संचालित होने वाले स्वनिधि संकल्प अभियान को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महापौर शंभू पासवान ने की, जिसमें नगर क्षेत्र में कार्यरत विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
महापौर ने अभियान के तहत सभी पात्र फेरी एवं रेहड़ी-खोमचा व्यवसायियों को समयबद्ध तरीके से ऋण उपलब्ध कराने के लिए बैंकों को स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बैंक द्वारा लौटाए गए आवेदनों और वेंडरों के डिजिटल सत्यापन का त्वरित निस्तारण प्राथमिकता होनी चाहिए, ताकि किसी भी लाभार्थी का आवेदन अनावश्यक रूप से लंबित न रहने पाए।
उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि त्रुटिपूर्ण आवेदनों का तत्काल सत्यापन कर आवश्यक सुधार के बाद उन्हें पुनः बैंकों को भेजा जाए। साथ ही, बैंक स्तर पर लंबित पड़े आवेदनों का शीघ्रातिशीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।
बैठक में सिटी मिशन मैनेजर वरुण मल्होत्रा ने निदेशालय स्तर से प्राप्त नए लक्ष्यों की जानकारी देते हुए योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया।
इस अवसर पर नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल, सहायक नगर आयुक्त चंद्रकांत भट्ट, प्रियंका कुकरेती सहित निगम के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।









