एम्स ऋषिकेश द्वारा न्यूरो-ऑन्कोलॉजी पर राष्ट्रीय सीएमई का आयोजन
ब्रेन ट्यूमर के उपचार में नवीनतम शोध और तकनीकों पर हुई चर्चा
देहरादून, 30 जुलाई 2025– एम्स ऋषिकेश के न्यूरोसर्जरी विभाग की ओर से न्यूरो-ऑन्कोलॉजी विषय पर एक दिवसीय राष्ट्रीय सीएमई (सतत चिकित्सा शिक्षा) का आयोजन किया गया, जिसमें ब्रेन ट्यूमर के इलाज से जुड़ी नवीनतम चिकित्सकीय और तकनीकी प्रगति पर गहन चर्चा हुई। हयात रीजेंसी देहरादून में आयोजित इस संगोष्ठी में देशभर से 200 से अधिक न्यूरो विशेषज्ञों ने भाग लिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता एम्स ऋषिकेश की निदेशक डॉ. मीनू सिंह ने की। आयोजन सचिव डॉ. जितेंद्र चतुर्वेदी तथा आयोजन अध्यक्ष डॉ. रजनीश अरोड़ा और डॉ. निशांत गोयल रहे। सीएमई में एनएसआई के अध्यक्ष प्रो. मानस पाणिग्रही, हिंदुजा अस्पताल मुंबई के डॉ. बी.के. मिश्रा सहित देशभर के प्रमुख संस्थानों से आए वरिष्ठ न्यूरोसर्जन, रेडिएशन ऑन्कोलॉजिस्ट व न्यूरो-इंटरवेंशन विशेषज्ञ शामिल हुए।

संगोष्ठी में सर्जिकल नवाचार, इंटरवेंशनल तकनीक, ग्लिओमा शोध, बच्चों में ब्रेन ट्यूमर की चुनौती, न्यूरोपैथोलॉजी और रेडिएशन थेरेपी जैसे विषयों पर विशेषज्ञ व्याख्यान हुए। कार्यक्रम में एम्स दिल्ली, एम्स रायपुर, NIMHANS बेंगलुरु, टाटा मैमोरियल मुंबई सहित कई संस्थानों के विशेषज्ञ शामिल रहे।
इस आयोजन ने ब्रेन ट्यूमर उपचार के क्षेत्र में हो रहे बहुआयामी विकास और विशेषज्ञों के सहयोगात्मक प्रयासों की दिशा में एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान किया।










