राज्य आंदोलनकारियों के सम्मान में आयोजित समारोह — त्याग और बलिदान से बना उत्तराखंड: डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल
श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय, ऋषिकेश में रजत जयंती अवसर पर सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत और विधायक डॉ. अग्रवाल हुए शामिल

ऋषिकेश, 8 नवम्बर (दिलीप शर्मा) : उत्तराखंड राज्य स्थापना की रजत जयंती के अवसर पर आज श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय, ऋषिकेश में राज्य आंदोलनकारी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत एवं ऋषिकेश विधायक व पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. अग्रवाल ने राज्य निर्माण में अहम भूमिका निभाने वाले आंदोलनकारियों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य का निर्माण हमारे आंदोलनकारियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। उनके समर्पण की बदौलत आज उत्तराखंड विकास की नई ऊँचाइयों को छू रहा है।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि रजत जयंती का यह अवसर उन सभी वीर आंदोलनकारियों को नमन करने का है जिन्होंने उत्तराखंड राज्य की परिकल्पना को साकार करने के लिए संघर्ष किया। उन्होंने राज्य के सतत विकास, युवाओं के सशक्तिकरण और जनकल्याणकारी नीतियों के माध्यम से आंदोलनकारियों के सपनों का उत्तराखंड बनाने का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, ऋषिकेश मेयर शम्भू पासवान, विश्वविद्यालय के प्राध्यापक, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में राज्य आंदोलनकारी उपस्थित रहे।









