आपदा प्रबंधन एवं प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण शिविर का समापन
रेड क्रॉस सोसाइटी उत्तराखंड शाखा ने छात्रों को दिया जीवन रक्षक कौशल का प्रशिक्षण,

मुनिकीरेती, (दिलीप शर्मा)16 अक्टूबर : भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी उत्तराखंड शाखा द्वारा श्री पूर्णानंद इंटर कॉलेज में 13 अक्टूबर से आयोजित चार दिवसीय आपदा प्रबंधन एवं प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण शिविर का आज समापन हुआ।

समापन समारोह में रेड क्रॉस सोसाइटी उत्तराखंड के सचिव हरीश शर्मा, प्रशिक्षण विशेषज्ञ ख्याली सती, सह-प्रशिक्षक मुंशी चम्याल, विद्यालय के प्रधानाचार्य अजीत पाल सिंह, उप-प्रधानाचार्य संदीप मोहन, तथा मंच संचालन कर रहे डॉ. विवेकानंद शर्मा सहित 32 प्रशिक्षु छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
चार दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के दौरान प्रशिक्षक ख्याली सती ने छात्रों को विभिन्न आपदाओं के समय आवश्यक प्राथमिक उपचार तकनीकों की जानकारी दी। विशेष रूप से सीपीआर (CPR) का व्यवहारिक प्रशिक्षण देकर छात्रों को जीवन रक्षक उपाय सिखाए गए। इसके अलावा भूकंप, आग, सड़क दुर्घटना, बाढ़ जैसी आपात स्थितियों में प्राथमिक उपचार देने के तरीके भी बताए गए।
प्रधानाचार्य अजीत पाल सिंह ने इस अवसर पर कहा कि “उत्तराखंड जैसे आपदा संवेदनशील राज्य में इस प्रकार के प्रशिक्षण छात्रों के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। ऐसे प्रशिक्षण युवाओं को आपदा की स्थिति में न केवल स्वयं की रक्षा करने बल्कि दूसरों की सहायता करने में भी सक्षम बनाते हैं।”
उन्होंने पूरी भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी की टीम का विद्यालय परिवार की ओर से धन्यवाद ज्ञापित करते हुए शिविर का औपचारिक समापन किया।









