
हल्द्वानी, 26 दिसंबर : आज गुरुवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एक दिवसीय दौरे पर हल्द्वानी पहुंचे। जहाँ उन्होंने सर्वप्रथम सुशीला तिवारी अस्पताल में भीमताल बस दुर्घटना के घायलों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने अस्पताल प्रशासन को घायलों के लिए बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश देने के साथ ही कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत को पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क हादसों को रोकने के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने घायलों और उनके परिजनों से बातचीत के दौरान हरसंभव मदद का भरोसा दिया। मुख्य मंत्री धामी द्वारा गंभीर रूप से घायल मरीजों को आवश्यकता अनुसार हायर सेंटर रेफर करने का निर्देश भी दिया गया। बुधवार को हुई इस बस दुर्घटना में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर घायलों को हेली एंबुलेंस सेवा के माध्यम से एम्स ऋषिकेश शिफ्ट किया गया। अन्य सभी घायलों का इलाज सुशीला तिवारी अस्पताल में जारी है।
मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 10 लाख रूपये की सहायता राशि देने की घोषणा की। यह सहायता राशि उत्तराखंड परिवहन निगम से 5 लाख रूपये , सड़क सुरक्षा निधि से 2 लाख रूपये और मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से 3 लाख रूपये के रूप में दी जाएगी। गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को 3 लाख रूपये और सामान्य घायलों को 15,000 से 25,000 रूपये तक की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क हादसों को रोकने के लिए अन्य राज्यों से आने वाले वाहनों के लाइसेंस और दस्तावेजों की सघन जांच की जाएगी। यातायात नियंत्रण और सड़क सुरक्षा के लिए कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत को सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर कार्रवाई की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मुख्यमंत्री ने पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देने और ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने की जरूरत पर जोर दिया।









