

ऋषिकेश, 08 अगस्त: नगर निगम ऋषिकेश के ISBT कार्यालय परिसर में रक्षाबंधन के पावन पर्व के उपलक्ष्य में एक भव्य एवं भावनात्मक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महिला मोर्चा जिला जिलाध्यक्ष कविता शाह के नेतृत्व में नगर निगम के सभी स्वच्छता कर्मियों को राखी बांधकर उनके प्रति कृतज्ञता एवं सम्मान व्यक्त किया गया।
इस विशेष कार्यक्रम में नगर निगम ऋषिकेश के महापौर शंभू पासवान की गरिमामयी उपस्थिति रही। महिला मोर्चा की सदस्यों ने स्वच्छता कर्मियों की कलाइयों पर रक्षा सूत्र बांधकर उनके दीर्घायु, स्वस्थ जीवन और कुशलता की कामना की। यह आयोजन समाज के उन अनदेखे नायकों को सम्मान देने का एक प्रेरणादायक प्रयास बना, जो प्रतिदिन शहर की स्वच्छता के लिए निःस्वार्थ भाव से कार्य करते हैं।

कार्यक्रम में नगर निगम के सैनेट्री इंस्पेक्टर अभिषेक मल्होत्रा, जूनियर इंजीनियर प्रभु दत्त नौटियाल, विनोद, महेंद्र, अजय बागड़ी, नरेश खैरवाल, जितेंद्र भंडारी, राजेश डोगरा हवलदार, तीरथ हवलदार और हरिओम सहित कई अन्य निगम कर्मचारी मौजूद रहे।

महिला मोर्चा की ओर से मंडल अध्यक्ष रुचि जैन, राजकुमारी पंत, सुधा अस्वाल, रीता गुप्ता, निहारिका शर्मा, शशि मिश्रा, दुर्गा जिंदल, लक्ष्मी गुप्ता सहित अनेक बहनों ने सक्रिय सहभागिता निभाई और कार्यक्रम को सफल बनाने में अहम भूमिका अदा की।
कार्यक्रम का उद्देश्य केवल रक्षाबंधन का पर्व मनाना ही नहीं, बल्कि स्वच्छता कर्मियों के प्रति समाज की कृतज्ञता और सहयोग की भावना को प्रदर्शित करना था।
यह आयोजन नगर निगम ऋषिकेश एवं महिला मोर्चा के सामाजिक समर्पण और मानवीय मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक बनकर सामने आया।









