कांवड़ यात्रा पर आया किशोर संदिग्ध हालत में मृत मिला, जहरीले जीव के काटने की आशंका

ऋषिकेश, 19 जुलाई 2025 — आज सुबह ऋषिकेश के पोस्ट ऑफिस पार्किंग के पीछे स्थित एक खाली मैदान में एक कांवड़िया किशोर का शव संदिग्ध परिस्थिति में पड़ा मिला। मृतक की पहचान अर्जुन सिंह पुत्र राजवीर सिंह, निवासी ग्राम निर्जन, थाना जींद सदर, जिला जींद, हरियाणा, उम्र लगभग 15 वर्ष के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अर्जुन सिंह दिनांक 18 जुलाई को अपने गांव से कुल 15 अन्य कांवड़ियों के साथ डाक कांवड़ लेने हेतु वाहन संख्या HR 56-0449 (छोटा हाथी, टाटा ACE) से हरिद्वार के लिए रवाना हुआ था। आज सुबह लगभग 9:30 बजे सभी लोग ऋषिकेश स्थित पोस्ट ऑफिस पार्किंग पहुंचे। वहां से सभी शौच क्रिया हेतु पास के एक खाली मैदान की ओर गए थे।
कुछ समय बाद अर्जुन सिंह के काफी देर तक वापस न लौटने पर उसके साथियों द्वारा उसकी तलाश की गई। तलाश करने पर वह उक्त मैदान में मुंह के बल पड़ा मिला। उसके शरीर पर नीले निशान पाए गए, जिससे प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि उसकी मृत्यु किसी जहरीले जीव के काटने से हुई हो सकती है।
सूचना मिलने पर ऋषिकेश पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। अग्रिम वैधानिक कार्यवाही प्रचलित है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।









