देहरादून / ऋषिकेश, 09 जुलाई 2025 – कोतवाली ऋषिकेश पुलिस टीम द्वारा सराहनीय कार्य करते हुए दिनांक 08 जुलाई 2025 को मिले एक अज्ञात व्यक्ति के शव की सफलतापूर्वक शिनाख्त कर शव को उसके परिजनों के सुपुर्द किया गया।
उक्त शव को एम्स ऋषिकेश की मोर्चरी में पहचान हेतु 72 घंटे के लिए सुरक्षित रखा गया था। आज दिनांक 09 जुलाई 2025 को रामबीर सिंह पुत्र फिरंगी सिंह निवासी हैदरपुर, जिला हरदोई (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी भरत विहार ऋषिकेश, तथा पुष्पेन्द्र सिंह पुत्र रणवीर सिंह निवासी पलिया दरोवस, जिला शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश) थाना ऋषिकेश पहुंचे।
उन्होंने पुलिस को जानकारी दी कि रामबीर सिंह का पुत्र कल से लापता है और उन्होंने अज्ञात शव की जानकारी मिलने पर उसकी शिनाख्त करने की इच्छा जताई। चीता पुलिस टीम द्वारा उन्हें एम्स ऋषिकेश की मोर्चरी ले जाया गया, जहाँ रामबीर सिंह ने शव की पहचान अपने पुत्र रंजीत सिंह (उम्र लगभग 22 वर्ष) के रूप में की। रंजीत सिंह हाल में भरत विहार, ऋषिकेश में रहकर शैलेन्द्र बिष्ट निवासी गंगानगर, ऋषिकेश की गाड़ी चलाता था और ड्राइविंग का कार्य करता था।
पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूर्ण कर शव का पोस्टमार्टम कराया गया और उसके उपरांत शव को अंतिम संस्कार हेतु परिजनों को सौंप दिया गया।









