वन्यजीव संघर्ष पर CM धामी सख्त, घायलों का पूरा इलाज खर्च सरकार उठाएगी
मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव व प्रमुख सचिव वन संग बैठक में दिए निर्देश; मुआवजा बढ़ाकर 10 लाख किया, प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा-व्यवस्था मजबूत करने पर जोर

देहरादून, 23 नवंबर (दिलीप शर्मा) : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्य सचिव और प्रमुख सचिव वन के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर राज्य में बढ़ते वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं पर गंभीर चिंता व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि भालुओं सहित अन्य वन्यजीवों के हमलों में घायल होने वाले सभी व्यक्तियों के उपचार का पूरा खर्च अब राज्य सरकार वहन करेगी।
उन्होंने कहा कि घायलों को समय पर और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि उपचार में किसी भी प्रकार की देरी न हो और आवश्यक संसाधन तत्काल उपलब्ध कराए जाएं।
बैठक के दौरान यह भी उल्लेख किया गया कि राज्य सरकार ने वन्यजीव हमलों में मृतकों के परिजनों को दिए जाने वाले मुआवजे की राशि 5 लाख रुपये से बढ़ाकर 10 लाख रुपये कर दी है। मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि घायल व्यक्तियों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के साथ-साथ वन्यजीव प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा उपायों और जन-जागरूकता कार्यक्रमों को भी और अधिक प्रभावी बनाया जाए।









