ऋषिकेश, 18 जुलाई – 2025 – नगर में यातायात सुगमता और सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए मेयर शंभू पासवान ने आज बाबा काली कमली और निर्मल आश्रम के बीच चल रहे बिजली के खंभों की शिफ्टिंग कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। यह कार्य वर्षों से लंबित समस्या के समाधान की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान मेयर शंभू पासवान ने स्पष्ट किया कि—
“सड़क पर लगे इन बिजली खंभों के कारण लंबे समय से अव्यवस्था बनी हुई थी। खंभों के हटने के बाद सड़क का चौड़ीकरण संभव होगा, जिससे ट्रैफिक जाम की समस्या कम होगी और दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी। बहुत जल्द इन खंभों को शिफ्ट कर दिया जाएगा और इसके बाद सड़क निर्माण कार्य को गति दी जाएगी। यह क्षेत्र के लोगों के लिए राहत की बात है।”
मेयर ने यह भी कहा कि नगर निगम जनहित के कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है, और यह कार्य भी जनता की लंबे समय से उठ रही मांगों का प्रतिफल है। उन्होंने नगर निगम की टीम और संबंधित विभागों को कार्य को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय पार्षद माधवी गुप्ता, रीना गुप्ता, रूपेश गुप्ता, राजू शर्मा, राजपाल ठाकुर सहित कई स्थानीय नागरिक एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने मेयर की इस पहल की सराहना करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया और भरोसा जताया कि उनके नेतृत्व में नगर का निरंतर विकास सुनिश्चित होगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में वर्षों से सड़क संकरी होने के कारण आवागमन में भारी दिक्कतें आती थीं, और कई बार दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं। अब बिजली के खंभों के स्थानांतरण और सड़क के चौड़ीकरण से न केवल यह मार्ग सुरक्षित होगा, बल्कि क्षेत्र की सौंदर्यता में भी इज़ाफा होगा।
नगर निगम प्रशासन द्वारा की जा रही इस सक्रियता को जनहित में एक सकारात्मक प्रयास माना जा रहा है, जिसकी स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों द्वारा व्यापक सराहना की जा रही है।










