उत्तराखंडदेहरादून

नाबालिग के साथ संदिग्ध घटना पर महिला आयोग सख्त, देहरादून गेस्ट हाउस मामला संज्ञान में

आयोग अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल ने पुलिस से तलब की विस्तृत रिपोर्ट, आरोपी पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश

देहरादून, 13 दिसम्बर (दिलीप शर्मा): बीते बुधवार को देहरादून के शिमला बाईपास के समीप स्थित एक गेस्ट हाउस में रात करीब तीन बजे एक नाबालिग लड़की के साथ एक युवक को संदिग्ध अवस्था में पकड़े जाने के मामले में उत्तराखंड राज्य महिला आयोग ने स्वतः संज्ञान लिया है। युवक के मोबाइल फोन से बड़ी संख्या में लड़कियों से संबंधित आपत्तिजनक चैट और वीडियो मिलने की बात सामने आई है, जिससे मामला और भी गंभीर हो गया है।

उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल ने प्रकरण को अत्यंत गंभीर बताते हुए देहरादून पुलिस से पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। उन्होंने नाबालिग की सुरक्षा सुनिश्चित करने, उसकी काउंसलिंग कराने तथा पीड़िता के परिजनों को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

आयोग अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि नाबालिग से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने एसपी सिटी को आरोपी के खिलाफ सख्त धाराओं में कार्रवाई करने, मोबाइल फोन से प्राप्त डिजिटल साक्ष्यों की फॉरेंसिक जांच कराने तथा गेस्ट हाउस प्रबंधन की भूमिका की भी गहन जांच करने के निर्देश दिए हैं।

महिला आयोग ने भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए गेस्ट हाउसों, होटलों एवं रात्रि विश्राम गृहों में पहचान पत्र जांच और आगंतुक रजिस्टर में प्रविष्टि की व्यवस्था का कड़ाई से पालन कराने पर जोर दिया है।

आयोग की अध्यक्ष ने मामले को निंदनीय बताते हुए कहा कि भोली-भाली बच्चियों को बहला-फुसलाकर इस तरह की घटनाओं को अंजाम देना अत्यंत गंभीर अपराध है। ऐसे मामलों में संलिप्त सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि आयोग पूरे प्रकरण पर लगातार नजर बनाए हुए है और पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

इसके साथ ही आयोग की ओर से राज्य के समस्त जनपदों के जिलाधिकारियों को निर्देशित किए जाने की बात कही गई है कि सभी होटल, गेस्ट हाउस एवं ठहरने के स्थानों पर आगंतुक पंजिका (रजिस्टर) का होना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए और उसकी नियमित जांच की जाए।

Related Articles

Back to top button