सरस महोत्सव–2025 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई महत्वपूर्ण बैठक
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि मेले का आयोजन पूर्व वर्षों की भांति इस बार और अधिक सुसंगठित तरीके से किया जाए
टिहरी गढ़वाल, 07 अगस्त 2025 – जनपद टिहरी गढ़वाल में आगामी सरस महोत्सव–2025 को भव्य और व्यापक स्तर पर आयोजित करने को लेकर आज जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में एक अहम बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि मेले का आयोजन पूर्व वर्षों की भांति इस बार और अधिक सुसंगठित तरीके से किया जाए। उन्होंने खेल विभाग को निर्देश दिए कि अक्टूबर माह तक पूर्णानंद स्टेडियम को आयोजन हेतु पूरी तरह से तैयार किया जाए, जिससे मेला स्थल की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके।
साथ ही, उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से समयबद्ध तैयारी करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने सभी बीडीओ एवं नगर निकाय अधिकारियों (ईओ) को बैंकिंग और होटल उद्योग से फंड रेजिंग की जिम्मेदारी सौंपी।
इसके अतिरिक्त, सभी उपजिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के होटलों और रेस्टोरेंट्स से सीएसआर फंड एकत्र करने हेतु लक्ष्य निर्धारण कर त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिए गए।
बैठक में एडीएम अवधेश कुमार, पीडी डीआरडीए पुष्पेंद्र सिंह चौहान, डीडीओ मोहम्मद असलम सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे, जबकि सभी ईओ और एसडीएम वर्चुअल माध्यम से बैठक में सम्मिलित हुए।
सरस महोत्सव को लेकर प्रशासन की यह पहल जनपद में सांस्कृतिक, आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।









