नीलकंठ मार्ग पर बड़ा हादसा: चट्टान गिरने से सड़क बंद, ट्रक नदी में गिरने की आशंका – 2 लापता, 2 घायल

पौड़ी/लक्ष्मण झुला(ऋषिकेश), 13अगस्त– बुधवार सुबह लक्ष्मण झूला क्षेत्र के अंतर्गत गरुड़ चट्टी पुल से आगे नीलकंठ मार्ग पर बड़ा हादसा हो गया। अचानक पहाड़ से चट्टान और मलबा गिरने से करीब 30 मीटर सड़क पूरी तरह बाधित हो गई। इस घटना में आशंका जताई जा रही है कि एक ट्रक मलबे के साथ ही नदी में जा गिरा है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में दो लोग लापता बताए जा रहे हैं, जबकि दो लोग घायल हुए हैं। घायलों को तत्काल 108 एंबुलेंस की सहायता से अस्पताल भेजा गया। मौके पर पहुंची लक्ष्मण झूला पुलिस, एसडीआरएफ टीम और प्रशासनिक अमला राहत व बचाव कार्य में जुटा है।
घटनास्थल पर जेसीबी की मदद से मलबा हटाने का कार्य जारी है, वहीं एसडीआरएफ की टीम ट्रक और लापता लोगों की तलाश में सर्च अभियान चला रही है। चट्टान गिरने के कारण नीलकंठ मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया है, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं।
स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि जब तक मार्ग पूरी तरह सुरक्षित न हो जाए, तब तक यात्रा से बचें। हादसे के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और राहत-बचाव कार्य तेज़ी से जारी है।









