
ऋषिकेश, (दिलीप शर्मा): नगर क्षेत्र के 12 वार्डों से जुड़े महत्वपूर्ण मामलों को लेकर सर्वसम्मति से गठित बोर्ड बैठक के निर्णय के तहत महापौर संभू पासवान के नेतृत्व मे एक प्रतिनिधि मंडल ने आज सुप्रीम कोर्ट में विधिक राय प्राप्त करने के उद्देश्य से वरिष्ठ अधिवक्ताओं से भेंट की। प्रतिनिधि मंडल ने बापू ग्राम, शिवाजी नगर, 20 बीघा, मनसा देवी, गीता नगर, मालवीय नगर, गुमानीवाला, मीरा नगर, सुमन विहार, नंदू फार्म सहित समस्त 12 वार्डों का पक्ष मजबूती से रखा।
प्रतिनिधि मंडल ने सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ विद्वान अधिवक्ता एस. के. वर्मा एवं अधिवक्ता नरेन्द्र हुड्डा से मुलाकात कर प्रकरण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की तथा आगे की कानूनी कार्यवाही एवं रणनीति पर मार्गदर्शन प्राप्त किया।
इस अवसर पर सहायक नगर आयुक्त चन्द्रकांत भट्ट के साथ ही समिति के सदस्य पार्षद अधिवक्ता अभिनव सिंह मलिक, सुरेन्द्र नेगी एवं सत्य कपरुवान भी उपस्थित रहे। प्रतिनिधि मंडल ने क्षेत्रवासियों के हितों की रक्षा हेतु सभी संवैधानिक व कानूनी विकल्पों पर गंभीरता से कार्य करने का संकल्प दोहराया।









