
- देर रात भारी बारिश से चंद्रभागा नदी उफान पर
- हाईवे तक पहुंचा पानी, कई वाहन फंसे
- SDRF ने तीन लोगों को सुरक्षित निकाला
- पहली बार दिखा नदी का विकराल रूप
ऋषिकेश (दिलीप शर्मा), देर रात हुई मूसलधार बारिश ने ऋषिकेश की चंद्रभागा नदी को विकराल रूप दे दिया। आमतौर पर वर्षभर सूखी रहने वाली यह नदी सोमवार सुबह अचानक उफान पर आ गई। नदी का पानी तेजी से बढ़ते हुए हाईवे तक पहुंच गया, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

नदी में फंसे लोग और वाहन
पानी का बहाव इतना तेज हुआ कि कई वाहन नदी में फंस गए। अचानक आए जलस्तर में तीन लोग बीच में ही फंस गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत एसडीआरएफ, प्रशासन और पुलिस को इसकी सूचना दी।

SDRF की त्वरित कार्रवाई
सूचना मिलते ही SDRF की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। जवानों ने रस्सियों और लाइफ जैकेट की मदद से बड़ी मशक्कत के बाद तीनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
SDRF टीम प्रभारी ने बताया— “लगातार बारिश के चलते नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा था। स्थिति चुनौतीपूर्ण थी, लेकिन हमारी टीम ने सुरक्षित रेस्क्यू कर लोगों की जान बचाई।” तेज बहाव के बावजूद समय रहते तीनों को बचा लिया गया, वरना बड़ी दुर्घटना हो सकती थी।”
पहली बार दिखा चंद्रभागा का रौद्र रूप
स्थानीय निवासी पूर्व सभाषद मधु मिश्रा, ज्ञान सिंह नेगी, वरिष्ठ पत्रकार दुर्गेश मिश्रा, पूर्व पार्षद पुष्पा मिश्रा, भाजपा नेत्री निवेदिता सरकार ने बताया— “मैंने कभी चंद्रभागा को इतना उफान पर नहीं देखा। यह नदी तो ज्यादातर समय सूखी रहती है, लेकिन इस बार बारिश ने इसे खतरनाक रूप दे दिया। हाईवे तक पानी आ जाना चिंताजनक है।” चंद्र भगा नदी तट पर बसे लोगों मे रात भर दहशत का माहौल बना रहा।
प्रशासन सतर्क
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नदी किनारे जाने से बचें और किसी भी तरह की आपदा की स्थिति में तुरंत सूचना दें। साथ ही पुलिस ने संवेदनशील स्थानों पर चौकसी बढ़ा दी है।









