
ऋषिकेश (दिलीप शर्मा) 21 अक्टूबर : आगामी 26, 27 एवं 28 अक्टूबर को मनाए जाने वाले महापर्व छठ पूजा की तैयारियों को लेकर आज नगर निगम ऋषिकेश की टीम सक्रिय दिखाई दी। महापौर शंभू पासवान तथा नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल ने सोमवार को त्रिवेणी घाट परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया। इस अवसर पर पुलिस, राजस्व प्रशासन, सिंचाई विभाग एवं नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान महापौर और नगर आयुक्त ने छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए संबंधित विभागों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ने सिंचाई विभाग को निर्देशित किया कि पोकलेन मशीन के माध्यम से गंगा की जलधारा को घाट की ओर मोड़ा जाए, ताकि श्रद्धालुओं को स्नान में किसी प्रकार की कठिनाई न हो। साथ ही, घाट पर टूटे हुए पोल एवं चैनों की मरम्मत शीघ्र कराए जाने को कहा गया।
नगर निगम के अधिशासी अभियंता को घाट क्षेत्र में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा जहाँ-जहाँ रेत भरा है, वहाँ समतलीकरण कार्य करने के निर्देश दिए गए। सहायक नगर आयुक्त चंद्रकांत भट्ट को पूरे घाट क्षेत्र की साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने और आस्था पथ की ओर जाने वाले मार्ग पर मोटरसाइकिल संचालन रोकने हेतु चैन लगाने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही घाट क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाकर निगरानी बढ़ाने पर बल दिया गया।
पुलिस विभाग को ट्रैफिक प्लान तैयार करने के निर्देश देते हुए कहा गया कि त्रिवेणी घाट मार्ग पर जाम की स्थिति न उत्पन्न हो। छठ पर्व के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया। वहीं राजस्व प्रशासन को मेला अवधि में एक मजिस्ट्रेट की नियुक्ति करने के निर्देश दिए गए।
महापौर शंभू पासवान ने कहा कि छठ पर्व आस्था और स्वच्छता का प्रतीक है, इसलिए सभी विभाग 25 अक्टूबर तक समस्त व्यवस्थाएँ पूर्ण कर लें ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
इस अवसर पर नायब तहसीलदार ऋषिकेश, एसडीओ सिंचाई विभाग, चौकी प्रभारी त्रिवेणी घाट, तथा राजपाल ठाकुर, ललित मोहन मिश्रा, रामकृपाल गौतम, दीनदयाल राजभर, राजाराम, नागेंद्र सिंह, त्रिलोकीनाथ तिवारी आदि अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।









