वार्ड 11 ढालवाला में चला विशेष स्वच्छता अभियान नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला व एमआईटी एनएसएस यूनिट की संयुक्त पहल, तीन कुंटल सूखा कूड़ा एकत्र


मुनिकीरेती-ढालवाला (दिलीप शर्मा) : नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला के तत्वावधान में मॉडर्न इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी (एमआईटी) की एनएसएस यूनिट ने वार्ड नंबर 11 ढालवाला में सूखे कूड़े के विरुद्ध विशेष स्वच्छता अभियान चलाया।
शनिवार को पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण के नेतृत्व में एमआईटी ढालवाला की एनएसएस यूनिट और नगर निकाय की टीम ने वार्ड 11 में नए बंदे के समीप अभियान की शुरुआत की। टीम ने आबादी क्षेत्र से सटे जंगल में फैले सूखे कूड़े की सफाई करते हुए स्वच्छता का संदेश दिया। अभियान के दौरान लगभग तीन कुंटल से अधिक सूखा कूड़ा एकत्र किया गया, जिसे बाद में खाराश्रोत स्थित अपशिष्ट प्रबंधन केंद्र में भेजा गया।
अभियान के समापन पर उपस्थित टीम ने “स्वच्छ दीपावली – शुभ दीपावली” के उद्घोष लगाकर स्थानीय लोगों से अपने आस-पास स्वच्छता बनाए रखने और कूड़ा खुले में न फेंकने की अपील की।
इस अवसर पर मुख्य सफाई निरीक्षक नितिन सती, सफाई निरीक्षक कमल चौहान, सुपरवाइजर जितेंद्र सिंह सजवाण, एमआईटी एनएसएस यूनिट से राजेश चौधरी, अजय तोमर, रितेश जोशी, रवि कुमार, पी.पी. पुरोहित, नीरज चौहान तथा सफाई सुपरवाइजर राजू सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने कहा कि स्वच्छता एक सामूहिक जिम्मेदारी है और दीपावली जैसे पर्वों पर हमें न केवल अपने घर, बल्कि पूरे नगर को स्वच्छ रखने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने एनएसएस टीम और सफाई कर्मियों के योगदान की सराहना की।









