उत्तराखंडऋषिकेशस्वागत

वरिष्ठ तीर्थ पुरोहित श्रीनिवास पोस्ती का ऋषिकेश में हुआ भव्य दिव्य स्वागत

वेद मंत्रों की गूंज और पुष्पवर्षा के बीच गोमुख संकल्प यात्रा के संरक्षक बनने पर जताई गई हर्ष की भावना 

ऋषिकेश (दिलीप शर्मा) : केदारनाथ धाम के वरिष्ठ तीर्थ पुरोहित एवं बद्रीनाथ–केदारनाथ मंदिर समिति के सम्मानित सदस्य पंडित श्रीनिवास पोस्ती के ऋषिकेश आगमन पर सोमवार को ऋषि कुमारों द्वारा वेद मंत्रोच्चारण और पुष्पवर्षा के बीच भव्य दिव्य अभिनंदन किया गया।

तुलसी मानस मंदिर, गोमुख संकल्प यात्रा के संस्थापक अध्यक्ष महंत रवि प्रपन्नाचार्य महाराज ने जानकारी देते हुए बताया कि पंडित श्रीनिवास पोस्ती जी द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन को समर्पित गोमुख संकल्प यात्रा के संरक्षक का दायित्व स्वीकार किए जाने पर यात्रा से जुड़े सभी सदस्यों ने अत्यंत प्रसन्नता व्यक्त की है।

महंत रवि प्रपन्नाचार्य ने कहा कि गोमुख संकल्प यात्रा का उद्देश्य हिमालय की गोद में स्थित जल स्रोतों के संरक्षण तथा पर्यावरण सुरक्षा के प्रति जनजागरण फैलाना है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 में बाबा केदारनाथ के कपाट खुलने पर गोमुख से लाए गए पवित्र जल से बाबा का महाअभिषेक तीर्थ पुरोहितों के सान्निध्य में किया जाएगा। इसे यात्रा का एक ऐतिहासिक और आध्यात्मिक पड़ाव माना जा रहा है।

इस अवसर पर रमाकांत भारद्वाज, योगीराज नवीन जोशी, आलोक हरि महाराज, आचार्य विनोद शुक्ला, सुनील बजाज, राम चौबे, अनिरुद्ध शर्मा, अमन शर्मा सहित अनेक संत, श्रद्धालु और यात्रा से जुड़े कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

सभी ने पंडित श्रीनिवास पोस्ती जी के संरक्षण में गोमुख संकल्प यात्रा के उद्देश्यों के और अधिक प्रभावी रूप से आगे बढ़ने की आशा व्यक्त की।

Related Articles

Back to top button