
ऋषिकेश (दिलीप शर्मा) : नगर निगम ऋषिकेश ने बुधवार को भवनकर अनुभाग के लिए विकसित नए ऑनलाइन पोर्टल का आधिकारिक शुभारंभ किया। इस डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म के माध्यम से नागरिक अब घर बैठे ही भवनकर का ऑनलाइन भुगतान कर सकेंगे, साथ ही नामांतरण से जुड़े अपने आवेदन की स्थिति भी वास्तविक समय में ट्रैक कर पाएँगे।
लॉन्चिंग के अवसर पर नगर निगम के महापौर श्री शम्भु पासवान ने कहा कि यह पहल नागरिक सेवाओं को सरल, सुरक्षित और समयबद्ध बनाने की निगम की प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करती है। उन्होंने बताया कि अब कोई भी नागरिक मोबाइल या कंप्यूटर के माध्यम से 24×7 भवनकर सेवाएँ प्राप्त कर सकता है।
नगर आयुक्त श्री गोपाल राम बिनवाल ने बताया कि नए पोर्टल के माध्यम से कर संबंधी प्रक्रियाएँ तेज़ और अधिक पारदर्शी होंगी। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह डिजिटल समाधान नागरिकों की सुविधा बढ़ाने के साथ-साथ नगर निगम की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाएगा, जिससे शहर के विकास को नई गति मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल, सहायक नगर आयुक्त श्री चंद्रकांत भट्ट, कर अधीक्षक अनिल कुमार पंत तथा कर निरीक्षक श्री यशवीर सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।









