महिला सशक्तिकरण को समर्पित बजट से देश की बेटियों को मिलेगी नई उड़ान : कुसुम कंडवाल
ऋषिकेश में व्यापारियों व कार्यकर्ताओं के साथ केंद्रीय बजट का सीधा प्रसारण, महिला आयोग अध्यक्ष ने बजट को बताया ऐतिहासिक


ऋषिकेश, 1 फरवरी(दिलीप शर्मा): राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने शनिवार को ऋषिकेश स्थित व्यापार सभा भवन में स्थानीय व्यापारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ केंद्रीय बजट सत्र का सीधा प्रसारण सुना। इस अवसर पर उन्होंने बजट की प्रमुख बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए इसे देश की मातृशक्ति के स्वाभिमान और आर्थिक आत्मनिर्भरता को समर्पित बताया।
अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने कहा कि यह समस्त देशवासियों के लिए गर्व का विषय है कि लगातार नौ वर्षों से एक महिला, केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, देश का बजट प्रस्तुत कर रही हैं, जो वैश्विक स्तर पर भारत की सशक्त होती नारीशक्ति का जीवंत उदाहरण है।
बजट की सराहना करते हुए उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं और बालिकाओं के कल्याण के लिए इस बार तीन लाख करोड़ रुपये से अधिक की ऐतिहासिक धनराशि का प्रावधान किया गया है। यह निवेश शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वरोजगार के क्षेत्रों में देश की आधी आबादी को नए अवसर प्रदान करने में मील का पत्थर साबित होगा।
उन्होंने ‘लखपति दीदी’ योजना के विस्तार, कामकाजी महिलाओं के लिए छात्रावास एवं क्रेच सुविधाओं को बढ़ावा देने जैसे प्रावधानों को विशेष रूप से उल्लेखनीय बताया। कुसुम कंडवाल ने कहा कि इन कदमों से कार्यक्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी आने वाले समय में और सशक्त होगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के दूरदर्शी नेतृत्व में आज देश की बेटियां केवल योजनाओं की लाभार्थी नहीं, बल्कि नेतृत्वकर्ता के रूप में उभर रही हैं। मुद्रा लोन की सीमा में वृद्धि और प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत महिलाओं को मालिकाना हक मिलने से उनके सामाजिक व आर्थिक स्तर में व्यापक सुधार हुआ है।
कार्यक्रम में उपस्थित व्यापारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भी इस समावेशी बजट का स्वागत करते हुए केंद्र सरकार के प्रयासों की सराहना की और इसे ‘विकसित भारत’ के संकल्प की दिशा में मजबूत कदम बताया।









