
रायवाला/ऋषिकेश (दिलीप शर्मा): उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने आज रायवाला थाने पहुंचकर महिलाओं से संबंधित मामलों की विस्तृत जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने थाना अध्यक्ष राजेन्द्र खोलिया से चल रहे मामलों की प्रगति पर चर्चा की।
महिला हेल्प डेस्क की समीक्षा
निरीक्षण के दौरान कुसुम कंडवाल ने महिला हेल्प डेस्क पर केस डायरी और रजिस्टर की स्थिति देखी, जिसे उन्होंने संतोषजनक बताया। उन्होंने हेल्प डेस्क के कार्यप्रणाली का भी बारीकी से निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
शिकायतों पर गंभीर और समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश
महिला आयोग अध्यक्ष ने स्पष्ट निर्देश दिए कि महिलाओं से संबंधित हर शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई की जाए और उसे समयबद्ध रूप से निपटाया जाए। उन्होंने कहा कि थाने में आने वाली प्रत्येक महिला के साथ सौहार्दपूर्ण, सम्मानजनक और संवेदनशील व्यवहार किया जाना चाहिए।
महिलाओं की सुरक्षा हमारी जिम्मेदारी : कुसुम कंडवाल
उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना हमारा कर्तव्य है और इसे पूरी निष्ठा के साथ निभाया जाना चाहिए। कुसुम कंडवाल ने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी महिला शिकायतकर्ता को न्याय दिलाने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।









