उत्तराखंडऋषिकेशखेल

ऋषिकेश में सांसद खेल महोत्सव का शुभारंभ, उत्कृष्ट खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित

भरत मंदिर इंटर कॉलेज में खेलो इंडिया के तहत आयोजित कार्यक्रम, डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

ऋषिकेश, 13 दिसम्बर (दिलीप शर्मा): ऋषिकेश में खेलो इंडिया योजना के अंतर्गत आयोजित सांसद खेल महोत्सव का शुभारंभ शनिवार को श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज परिसर में किया गया। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने किया। इस अवसर पर आयोजित ब्लॉक स्तरीय पुरस्कार वितरण समारोह में विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागी खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि खेलो इंडिया जैसी योजनाएं ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और आगे बढ़ने का अवसर प्रदान कर रही हैं। खेलों से अनुशासन, मेहनत और टीम भावना विकसित होती है, जो जीवन में सफलता के लिए आवश्यक है।

डॉ. अग्रवाल ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि निरंतर अभ्यास, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के माध्यम से खिलाड़ी प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने सफल आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई दी और सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम में विद्यालय प्रशासन, खेल विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, प्रशिक्षक, अभिभावक सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button