
देहरादून, शनिवार (दिलीप शर्मा): मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को भारतीय संविधान के निर्माता भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री आवास में उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा साहेब ने अपने जीवनभर शिक्षा, समानता और स्वाभिमान के मूल्यों को मजबूत करने का कार्य किया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि डॉ. आंबेडकर के विचार आज भी समाज में समान अवसर और न्याय सुनिश्चित करने का मार्ग प्रशस्त करते हैं। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब के आदर्शों पर चलते हुए उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू कर सामाजिक समरसता और न्याय के सपने को साकार करने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल की गई है।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर सभी से आह्वान किया कि वे डॉ. आंबेडकर के बताए आदर्शों और संविधान की मूल भावना को अपने जीवन में उतारकर राष्ट्र निर्माण में योगदान दें।









